ये क्या! सोना सस्ता हुआ लेकिन खरीदार गायब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बाजार में पिछले कुछ दिनों से सोने का भाव गिर रहा है। लेकिन आश्चर्यजनक ढंग से सोने के खरीदार बाजार में नहीं दिख रहे हैं। कुछ ऐसा ही कहना है नोएडा के ज्वैलर्स का। उनकी मानें तो खरीदार भाव और ज्यादा गिरने का इंतजार कर रहे हैं।
दरअसल, शनिवार को 24 कैरेट सोने का भाव करीब 26000 रुपये प्रति दस ग्राम और 22 कैरेट का भाव करीब 25000 रुपये प्रति दस ग्राम था।
करीब दो सप्ताह पहले दिवाली के समय के भाव में 1000-2000 रुपये प्रति दस ग्राम की गिरावट दर्ज की गई है। ऐसे में सस्ते सोने की खरीद के लिए ग्राहकों को बाजार में टूट पड़ना चाहिए था लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
क्या है असली वजह?
धनतेरस व दिवाली के बाद जौहरी बाजार वीरान पड़ा हुआ है। चांदी की कीमत में करीब 5000 रुपये की गिरावट दर्ज की गई है। पर्व के दौरान चांदी का भाव 39,000 रुपये प्रति किलो था। शनिवार को यह करीब 34,000 रुपये प्रति किलो भाव रिकॉर्ड किया गया। लेकिन यहां भी वैसा ही हाल है।
इस बाबत नोएडा ज्वैलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष ओमवीर अवाना ने बताया कि बाजार में ग्राहक नजर नहीं आ रहे हैं। हालांकि लोग भाव पूछने जरूर आ रहे हैं लेकिन उनकी ओर से खरीदारी नहीं की जा रही है।
जानकारों की मानें तो ग्राहकों को यह लग रहा है कि सोने का भाव इससे भी ज्यादा गिरने वाला है। लिहाजा सोने में निवेश करने वाले व्यवसायी इंतजार करने में ही अपनी भलाई समझ रहे हैं। इसके अलावा जो छोटे खरीदार हैं उनकी ओर से थोड़ी-बहुत खरीदारी की जा रही है। लेकिन कोई बड़ा सौदा करने से अभी लोग हिचकिचा रहे हैं।
अभी और गिरेगा सोने का दाम!
भले ही सोने का भाव बाजार में गिर रहा है। लेकिन इसका प्रभाव बैंकों के गोल्ड लोन पर नहीं पड़ रहा है। पंजाब नेशनल बैंक के मंडल प्रमुख बीएन मिश्रा ने बताया कि ग्राहक की ओर से उपलब्ध कराए गए सोने के वर्तमान कीमत का आधा लोन के रूप में दिया जाता है। ग्राहक को जब भी जरूरत होती है वह उस भाव पर लोन ले लेता है। उनके लिए सोने का भाव गिरना या बढ़ना प्राथमिकता में नहीं होता।
दो माह तक शुभ मुहूर्त नहीं
अभी करीब दो माह तक शादियों का कोई भी शुभ मुहूर्त नहीं है। लिहाजा शादियों के लिए गहने खरीदने वाले भी बाजार से दूर हैं। सेक्टर-22 निवासी पंडित प्रकाश जोशी ने बताया कि आगामी 24 जनवरी से शादियों का शुभ मुहूर्त है।
दिसंबर में दो दिन का मुहूर्त है। लेकिन वह अच्छा नहीं है। जानकारों की मानें तो इसी वजह से सोने चांदी का भाव मंदा होने के बावजूद लोग खरीदारी नहीं कर रहे हैं।
और भी गिर सकता है भाव
विशेषज्ञों के मुताबिक आने वाले कुछ महीनों में सोना और भी सस्ता हो सकता है। इसकी सबसे बड़ी वजह डॉलर का मजबूत होना है। जानकारों की मानें तो अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत घटने और अमेरिकी अर्थव्यवस्था में सुधार के कारण डॉलर अन्य करेंसी के मुकाबले लगातार मजबूत हो रहा है। विश्व बाजार में सोना अभी साढ़े चार साल के सबसे निचले स्तर पर है।