एनसीआर में मौसम ने ली करवट, दो दिन बाद फिर रंग बदलेंगे बादल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर-पश्चिम भारत में रविवार को भी मौसम बिगड़ा रहा। एनसीआर में शाम को बादलों की आवाजाही बनी रही। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में ज्यादातर जगह बारिश या बर्फबारी हुई।
वहीं, पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में बारिश हुई। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि मैदानी इलाकों में सोमवार और पहाड़ों में मंगलवार से मौसम साफ होगा।
हालांकि 16 मार्च से फिर पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव जम्मू-कश्मीर में शुरू होगा, तो 17 मार्च से हिमाचल प्रदेश और पंजाब में असर दिखेगा।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 16 मार्च को आने वाले पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव पिछले सप्ताह के पश्चिमी विक्षोभ से कम रहेगा, लेकिन 17 मार्च को जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश या बर्फबारी होगी।
वहीं, एनसीआर समेत उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में 18-19 मार्च को गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। इससे पूर्व मंगलवार से उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों के तापमान में 2-3 डिग्री की वृद्धि होगी।
दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को भी बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। रविवार देर रात से सोमवार के बीच कुछ जगह हल्की बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी शनिवार से रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक हुई। पंजाब, पूर्वी तथा पश्चिमी यूपी और हरियाणा में कई जगह बारिश हुई।
पंजाब के पटियाला, हरियाणा के चंडीगढ़ और यूपी के मुरादाबाद में 30 मिमी तक बारिश दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान अभी भी सामान्य से ऊपर बना हुआ है। न्यूनतम तापमान सबसे नीचे यूपी के नजीबाबाद में 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।