रास्ते के लिए आमने-सामने मोदी और मनोहर खट्टर की सरकार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वेस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे (केएमपी) का पांच तारीख को पलवल में भले ही उद्घाटन हो रहा है लेकिन मानेसर से गुजर रहे दिल्ली-जयपुर हाइवे में इसे नहीं जोड़ा जा सका है।
नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने केएमपी को अभी तक एनएच-8 से मिलाने की इजाजत नहीं दी है। यानी रास्ते के लिए मोदी और मनोहर सरकार के विभाग आमने-सामने हैं। बता दें कि केएमपी का निर्माण हरियाणा स्टेट इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर कारपोरेशन (एचएसआईआईडीसी) कर रहा है।
केंद्र और राज्य सरकार के दो विभागों की लड़ाई में नुकसान जनता का हो रहा है। केएमपी को जब तक एनएच-8 (हाइवे) से नहीं जोड़ा जाएगा तब तक जयपुर और गुड़गांव की ओर से मथुरा, आगरा जाने वालों को दिक्कत रहेगी। उन्हें एनएच-8 से केएमपी पर जाने के लिए कम से कम 10 किलोमीटर का ज्यादा सफर करना पड़ेगा। अगर वह शॉर्टकट अपनाएंगे तो गलत साइड से चलना होगा, जिसमें दुर्घटना की संभावना बढ़ जाएगी।
हाईवे के साथ अलग से केएमपी की सड़क व सर्विस रोड बनाई गई है, ताकि लोग आसानी से हाइवे पर आ सकें, लेकिन अथॉरिटी ने उन्हें यह सड़क हाइवे में नहीं मिलाने दी है। मजबूरी में केएमपी की सर्विस रोड को गुड़गांव की तरफ से हाइवे पर स्थित एक पेट्रोल पंप के पास खत्म किया गया है।
इसके अलावा हाईवे पर केएमपी फ्लाईओवर के पिलर रखने की भी एनएचएआई ने अभी तक इजाजत नहीं दी है। इस कारण हाईवे पर केएमपी फ्लाईओवर का काम रुका हुआ है। एनएचएआई व एचएसआईआईडीसी के बीच चल रहे विवाद के कारण आईएमटी चौक फ्लाईओवर का काम भी रुका हुआ है।
केएमपी की सर्विस लेन एनएच-8 में सीधी नहीं जुड़ सकती। हाइवे की सर्विस लेन पर ही इसे जोड़ा जा सकता है, वह भी अनुमति लेकर। हाइवे पर जितने पेट्रोल पंप स्थित हैं उन्हें भी सर्विस लेन से ही जोड़ा गया है न कि हाइवे से। ऐसे में कुछ मुद्दों को लेकर पत्राचार हो रहा है। -चित्रांशु, प्रोजेक्ट मैनेजर, एनएचएआई (खेड़कीदौला से राजस्थान बॉर्डर तक)
केएमपी को एनएचएआई से सर्विस लेन में ही जोड़ने की इजाजत मिली है। एनएचएआई की सर्विस लेन बनने के बाद हम उसमें केएमपी की भी सर्विस लेन जोड़ेंगे। हाइवे पर केएमपी के फ्लाईओवर के संबंध में इजाजत लेने का काम चल रहा है। यह काम दूसरे सेक्शन में ही पूरा हो पाएगा।-सुरेंद्र देशवाल (सीनियर मैनेजर, एचएसआईआईडीसी)
गुड़गांव-मेवात में केएमपी का क्षेत्र
-मानेसर गुड़गांव 60.5 से 85.5 = 25
-मेवात 85.5 से 122=37