Delhi: जाम से निजात के लिए कराई जाएगी मोबाइल पेट्रोलिंग, विशेष पुलिस अधीक्षक ने अधीनस्थों को दिए निर्देश
दिल्ली यातायात पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त अजय चौधरी ने बताया कि त्योहारी मौसम को देखते हुए पूरी दिल्ली में मोटरसाइकिल पर ट्रैफिक पुलिस पेट्रोलिंग कर रही हैं। जाम पाॅइंट की पहचान की जा रही है।
विस्तार
दिवाली को देखते हुए इस समय बाजार हो या कोई अन्य मार्ग, हर जगह ऐसा लग रहा है कि जैसे दिल्ली के सभी वाहन व लोग सड़कों पर उतर आए हैं। ऐसे में हर कॉरिडोर व मार्ग पर जाम लग रहा है। ऐसे में जाम से निजात दिलाने दिल्ली यातायात पुलिस ने विशेष कदम उठाए हैं।
यातायात पुलिस जाम वाले पाइंट व लंबे कॉरिडोर पर मोबाइल पेट्रोलिंग करवा रही है। साथ ही रेंज पुलिस उपायुक्त व टीआई को यातायात के सुचारू संचालन के लिए विशेष कदम उठाने और अलर्ट रहने के लिए कहा गया है।
दिल्ली यातायात पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त अजय चौधरी ने बताया कि त्योहारी मौसम को देखते हुए पूरी दिल्ली में मोटरसाइकिल पर ट्रैफिक पुलिस पेट्रोलिंग कर रही हैं। जाम पाॅइंट की पहचान की जा रही है। पेट्रोलिंग कर रहे यातायात पुलिसकर्मी इन जगहों के बारे में संबंधित ट्रैफिक इंस्पेक्टर(टीआई) को जानकारी देंगे और वहां से जाम को क्लियर करवाएंगे। उन्होंने बताया कि इसी तरह लंबे कॉरिडोर भी यातायात पुलिसकर्मी मोटरसाइकिल से पेट्रोलिंग कर रहे हैं।
जाम लगने वाले कॉरिडोर के बारे में संबंधित सर्किल के टीआई को बताएंगे। साथ ही सभी यातायात पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वह पूरी तरह अलर्ट रहें। इस बात का ध्यान रखा जाए कि कहीं जाम न लग पाए। हालांकि वह मानते हैं कि त्योहार के कारण सड़कों पर ट्रैफिक भारी हो रहा है।
बाजारों में सुरक्षा बढ़ाई गई
दिवाली में मात्र तीन चार दिनों का और समय रह गया है। ऐसे में राजधानी दिल्ली के मार्केट में सुरक्षा अलर्ट को लेकर पुलिस और सतर्क हो गई है। कुछ दिन पहले दिल्ली के एक स्कूल के बाउंड्री के साथ ब्लास्ट के बाद तो पुलिस हाई अलर्ट पर है। दिल्ली के सभी बाजारों में जहां हजारों की संख्या में लोग रोजाना खरीददारी करने आते हैं, यहां पर भी सुरक्षा इंतजाम बढ़ा दिया गया है।