दिल्ली में एक और बड़ा सड़क हादसा: SUV चला रहे नाबालिग ने मारुति वैन को मारी जोरदार टक्कर, एक की मौत; तीन जख्मी
पुलिस ने जीटीबी एंक्लेव थाना में मामला दर्ज कर आरोपी 17 वर्षीय नाबालिग को हिरासत में ले लिया है। देर रात उसके साथ क्रेटा मे उसके चार दोस्त भी मौजूद थे। गनीमत यह रही कि हादसे में किसी को चोट नहीं लगी।
विस्तार
दिल्ली के धौला कुआं में हुए हादसे की याद अभी धुंधली भी नहीं हुई थी कि अब शाहदरा जिले के जीटीबी एंक्लेव इलाके में मंगलवार तड़के क्रेटा एसयूवी चला रहे नाबालिग ने मारुति वैन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन के साथ-साथ क्रेटा के भी परखच्चे उड़ गए। हादसे में वैन में पिछली सीट पर बैठे एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त चंदन कुमार (48) के रूप में हुई है।
हादसे में उसके साथ वैन में मौजूद साथी नीरज, सुमित और हिमांशु मामूली रूप से जख्मी हो गए। इनको जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने चंदन का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस ने जीटीबी एंक्लेव थाना में मामला दर्ज कर आरोपी 17 वर्षीय नाबालिग को हिरासत में ले लिया है। देर रात उसके साथ क्रेटा मे उसके चार दोस्त भी मौजूद थे। गनीमत यह रही कि हादसे में किसी को चोट नहीं लगी। पुलिस नाबालिग की सही उम्र का पता लगाने का प्रयास कर रही है। इस बात का भी पता किया जा रहा है कि नाबालिग ने शराब तो नहीं पी हुई थी।
जिला पुलिस उपायुक्त प्रशांत गौतम ने बताया के चंदन कुमार अपने परिवार के साथ गांव साहिबाबाद, गाजियाबाद में रहते थे। इनके परिवार में पिता महेश कुमार के अलावा छोटा भाई, पत्नी और एक बेटा व बेटी है। चंदन कौशांबी के एक सिनेमा हॉल में काम करते थे। अक्सर उनकी नाइट शिफ्ट होती थी।
सिनेमा हॉल की ओर से देर रात को स्टाफ के लिए मारुति वैन घर तक जाने के लिए उपलब्ध करवाई जाती थी। सोमवार देर रात तक चंदन सिनेमा हॉल में ड्यूटी पर रहे। इसके बाद वह बाकी स्टाफ नीरज, सुमित और हिमांशु के साथ देर रात घर के निकले। वैन एक-एक कर स्टाफ को छोड़ते हुए जाती थी।
देर रात 3.00 बजे हुआ हादसा...
चारों स्टाफ को लेकर चालक जीटीबी अस्पताल की लालबत्ती पर पहुंचा। इस बीच लालबत्ती तोड़कर क्रेटा कार ने इनकी वैन को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में वैन के अलावा क्रेटा के भी परखच्चे उड़ गए। राहगीरों ने घायलों को निकालकर जीटीबी अस्पताल भेजा, जहां चंदन को मृत घोषित कर दिया गया। उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी। बाकी स्टाफ को मामूली चोटें थीं। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेटा के अलावा वैन को कब्जे में लिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से मामले की छानबीन कर रही है।
