युवती के पास SIM को 3जी से 4जी में बदलने का आया मैसेज और खाली हो गया बैंक अकाउंट
सिम बदलने का झांसा देकर 31 हजार उड़ाए
विस्तार
कासना कोतवाली क्षेत्र में साइबर ठगी का एक अनोखा मामला सामने आया। एक व्यक्ति ने युवती को कॉल कर सिम को 3जी से 4जी में बदलने का झांसा देकर मैसेज करने को कहा।
मैसेज करते ही युवती का सिम बंद हो गया और उसके बैंक खाते से 31 हजार रुपये निकाल लिए गए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
आनंद आश्रय सोसायटी निवासी अंकिता मित्तल पुलिस को बताया कि 29 जून को एक व्यक्ति ने उसे कॉल किया। खुद को टेलीकॉम कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए कॉलर ने उसे 3जी सिम को 4जी में बइलने का झांसा दिया।
सिम बंद होने के बाद बैंक खाते से निकले पैसे
इसके लिए उसने अंकिता से अपना मोबाइल नंबर 12345 पर मैसेज करने को कहा। इसके बाद उसने अपना मोबाइल नंबर मैसेज कर दिया। इसके बाद उसके मोबाइल पर रिटर्न मैसेज आया जिसमें 4 नंबर लिखकर दोबारा 12345 पर मैसेज करने व न करने पर सिम बंद होने की चेतावनी दी गई।
अंकिता ने 4 नंबर लिखकर मैसेज कर दिया। इसके बाद उसका सिम बंद हो गया। अंकिता ने कस्टमर केयर व कंपनी के दफ्तर पर संपर्क किया लेकिन मदद नहीं मिलने पर सिम ब्लॉक करा दिया।
बाद में अंकिता को पता चला कि उसके बैंक खाते से तीन बार में 31 हजार रुपये निकाल लिए गए। कासना कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की है।