हाईकोर्ट की सख्ती के बाद MCD ने खत्म की हड़ताल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हाईकोर्ट के कड़े रवैये को देख एमसीडी के सफाई कर्मचारियों ने अदालत को हड़ताल वापस लेने का आश्वासन दे दिया है। हालांकि कोर्ट से बाहर निकलते ही उन्होंने मात्र दो दिन के लिए हड़ताल स्थगित रखने का एलान किया।
यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि नगर निगम ने दो दिन में वेतन जारी होने का वादा किया है। इस कारण उन्होंने हड़ताल स्थगित कर दी है। अगर दो दिन में वेतन उनके बैंक खातों में नहीं पहुंचा तो वे बृहस्पतिवार से एक बार फिर हड़ताल पर चले जाएंगे।
हालांकि कर्मचारियों ने वेतन के साथ डीए व अन्य बकाया राशि का मुद्दा भी उठाया लेकिन अदालत ने स्पष्ट कर दिया कि हड़ताल तुरंत वापस लेने के बाद ही डीए व अन्य बकाया राशि के भुगतान पर सुनवाई की जाएगी।
अदालत की कड़ी चेतावनी के बाद खत्म हुई हड़ताल
इतना ही नहीं अदालत ने चेतावनी दी कि यदि हड़ताल वापस नहीं ली गई तो उसे गैरकानूनी भी ठहराया जा सकता है। मुख्य न्यायाधीश जी. रोहिणी व न्यायमूर्ति जयंत नाथ की खंडपीठ के समक्ष मामले की सुनवाई के दौरान कर्मचारियों की यूनियन के अधिवक्ता ने वेतन का मुद्दा उठाते हुए कहा कि अभी तक जनवरी माह का वेतन नहीं मिला है। इसके अलावा कई अन्य मुद्दे हैं जिन पर विवाद है।
वहीं एमसीडी के अधिवक्ता ने कहा कि कर्मचारियों का जनवरी माह का वेतन जारी कर दिया गया है और जिन कर्मचारियों के खातों में वेतन नहीं पहुंचा है वह दो दिन में पहुंच जाएगा।
खंडपीठ ने कर्मचारियों के अधिवक्ता से कहा कि आप तुरंत हड़ताल वापस लेने का आश्वासन दें तभी आगे सुनवाई की जाएगी। अदालत ने एमसीडी को भी निर्देश दिया कि कर्मचारियों के वेतन की राशि का भुगतान दो दिनों में कर दिया जाए।