एमसीडी चुनावः दिल्लीवालों के बीच दो दिन जनसभाएं करेंगे योगी आदित्यनाथ
एमसीडी चुनाव के लिए भाजपा कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। इसलिए वह हर कोशिश कर रही है कि उसके सभी स्टार प्रचारक उसके लिए प्रचार करे। ऐसे में योगी आदित्यनाथ इस समय सबसे बड़ा नाम है।
यही वजह है कि यूपी के सीएम आदित्यनाथ योगी को अपनी जीत के लिए बेहद अहम मानते हुए दिल्ली भाजपा ने दो दिन उनकी जनसभाएं रखी हैं। सीएम योगी 19 व 20 अप्रैल दो दिन दिल्ली की जनता को संबोधित करेंगे और भाजपा को जिताने की अपील करेंगे।
भाजपा के सूत्रों के मुताबिक सीएम योगी सिर्फ जनसभाएं करेंगे। 2 दिन में उनकी करीब तीन से चार सभाएं कराने की योजना बनाई गई है। यह सभाएं उन इलाकों में होंगी जहां यूपी व बिहार के ज्यादा लोग रहते हैं ताकि पूर्वांचल के वोटरों को रिझाया जा सके।
भाजपा ने प्रचार में झोंकी ताकत
दिल्ली प्रदेश भाजपा ने एमसीडी चुनाव में ताकत झोंकनी आरंभ कर दी है। भाजपा ने मंगलवार को प्रचार के लिए केंद्रीय मंत्री और फिल्म अभिनेताओं को मैदान में उतार दिया है।
केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन व संजीव बाल्यान और फिल्म अभिनेता एवं सांसद परेश रावल ने शकूरबस्ती एवं त्रिनगर विधानसभा क्षेत्रों के सात वार्डों में रोड शो कर भाजपा प्रत्याशियों के लिए प्रचार किया।
डॉ. हर्षवर्धन एवं संजीव बाल्यान ने शालीमार बाग, पीतमपुरा एवं आदर्श नगर में नागरिक एवं व्यापारिक संगठनों से भी संपर्क किया। इस दौरान उन्होंने जनसभाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि आप ने झूठ के बल पर सत्ता पाई और अपनी निष्क्रियता से दिल्ली के विकास को एक दशक पीछे कर दिया है। मुख्यमंत्री के झूठ और धोखे जगजाहिर हैं और विभिन्न जांचों से साबित भी हो गए हैं। इस तरह अब जनता उनसे और अधिक धोखा नहीं खाएगी।
डॉ. हर्षवर्धन, संजीव बाल्यान व परेश रावल ने कई जगह रोड किया शो
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और आप ने व्यापारी वर्ग को सरकारी राजस्व एवं पार्टी के लिए चंदा उगाहने का माध्यम बनाया है। जबकि दिल्ली की उन्नति में सबसे ज्यादा योगदान यहां के व्यापारी वर्ग का है, मगर दोनों दलों ने व्यापारियों को कोई सुविधा नहीं दी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सुनिश्चित करेगी कि व्यापारियों को नगर निगम से किसी भी प्रकार का लाइसेंस या अनुमति प्राप्त करने के लिए कार्यालय न आना पड़े सब कुछ ऑनलाइन हो।
सरस्वती विहार में आयोजित रोड शो में परेश रावल ने कहा कि उन्हें महाराष्ट्र एवं गुजरात की तरह दिल्ली की जनता से भी नगर निगम चुनावों में भाजपा को पुन: चुनकर सेवा का मौका देने की उम्मीद है। इस दौरान विशेषकर युवाओं में उनसे हाथ मिलाने की होड़ लगी रही। रावल ने उनको निराशा नहीं किया।