मामूली बात से नाराज हुआ शख्स, दोस्त के सिर में मार दी गोली
नंद नगरी इलाके में शनिवार रात मामूली कहासुनी के बाद हुए झगड़े में एक युवक के सिर में गोली मार हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त सन्नी उर्फ विशाल (24) के रूप में हुई है। हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस ने रविवार को मृतक के तीन दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान विशाल उर्फ भोपू (23) गौरव (22) और जय (21) के रूप में हुई है। इनमें भोपू और जय सगे भाई हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल पिस्टल भी बरामद कर ली है।
पुलिस उपायुक्त अतुल कुमार ठाकुर ने बताया कि सन्नी परिवार के साथ बी-1/137, नंद नगरी में रहता था। वह शादियों व अन्य कार्यक्रम में ढोल बजाने का काम करता था। तीनों आरोपी इसके दोस्त हैं और इसके घर के पास ही रहते हैं। तीन दिन पूर्व किसी बात पर कहासुनी होने पर सन्नी ने भोपू के साथ गाली-गलौच कर दी। उस दिन बाकी दोस्तों ने दोनों के बीच विवाद को शांत करा दिया।
शनिवार रात को सन्नी खाना खाने के बाद घर से बाहर निकला था। इस बीच रास्ते में दोबारा उसकी भोपू से कहासुनी हो गई। दोनों के बीच हुई गाली-गलौच के बाद भोपू ने उसे देख लेने की धमकी दी और चला गया। अभी सन्नी घर लौट रहा था कि भोपू अपने भाई जय और दोस्त गौरव के साथ गली में पहुंचा। आरोप है कि भोपू ने पीछे से सन्नी पर गोली चला दी। गोली उसके सिर में लगकर आंख से निकल गई। खबर मिलते ही सन्नी का भाई पंकज उसे जीटीबी अस्पताल ले गया, जहां रविवार सुबह 4.00 बजे उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
परिवार ने सन्नी की ससुराल वालों पर लगाया हत्या करने का आरोप
सन्नी की बहन सुमन ने आरोप लगाया है कि उसकी भाई की हत्या ससुराल वालों ने की है। दरअसल सन्नी ने छह माह पूर्व पड़ोस में रहने वाली युवती काजल से प्रेम विवाह कर लिया था। इससे काजल के परिवार वाले खुश नही थे। वह अक्सर सन्नी को देख लेने की धमकी देते थे। दो दिन पूर्व काजल के भाई ने सुमन को कॉल कर भाई को देख लेने की धमकी दी थी।
उसका कहना था कि सन्नी उनके घर जाकर हंगामा कर रहा है। सुमन का आरोप है कि काजल के भाई ने ही सन्नी की हत्या की। इधर, मामले में जिला पुलिस उपायुक्त अतुल कुमार ठाकुर ने परिवार के आरोपों से इंकार किया है। उनका कहना है कि काजल के भाई से पूछताछ कर ली गई है। उसका इस हत्याकांड में कोई हाथ नहीं है। सन्नी की उसके दोस्तों ने झगड़े के बाद हत्या की है।