पत्नी से दूरी बर्दाश्त न कर सका युवक: मरने से पहले लिखा सुसाइड नोट...जान देने की पूरी वजह बताई; लिखे ये नाम
पुलिस ने मृतक युवक के पिता के बयान व सुसाइड नोट के आधार पर ससुरालजनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए विवश करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
विस्तार
हरियाणा के पलवल में प्रेम-विवाह के बाद मामूली कहासुनी होने पर ससुराल वालों ने पत्नी को वापस बुला लिया। बार-बार मिन्नतें करने के बाद भी पत्नी से बात नहीं होने दी, जिससे आहत होकर 25 वर्षीय युवक ने खेतों पर पेड़ से फांसी का फंदा लगाकर आत्यहत्या कर ली। मरने से पहले लिखे सुसाइड नोट में मृतक ने अपने साले-साली व साले की पत्नी को जिम्मेदार ठहराया है। चांदहट थाना पुलिस ने मृतक युवक के पिता के बयान व सुसाइड नोट के आधार पर ससुरालजनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए विवश करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
चांदहट थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कैलाश भड़ाना के अनुसार गांव रसूलपुर निवासी हीरालाल ने शिकायत दर्ज कराई है कि 16 जुलाई को उसके बेटे कर्मवीर ने खेतों पर एक पेड़ पर फांसी का फंदा लगा आत्महत्या कर ली। जब उसे इस बारे में पता चला तो वह मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक को पेड़ से नीचे उतारा।
पुलिस ने उसके कपड़ों की तलाशी ली तो मृतक की जेब से सुसाइड नोट बरामद हुआ। सुसाइड नोट के अनुसार मृतक के साले सतीश व उसकी पत्नी प्रवेश, दूसरे साले बबलू व साली सूजन से परेशान होकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया। मृतक ने सुसाइड नोट में लिखा है कि मामूली कहासुनी होने पर उसकी पत्नी आरती को उसके पीछे से उक्त लोगों ने अपने घर बुला लिया।
जब उसने अपनी पत्नी से बात करने के लिए अपने सालों व साली के फोन किया तो किसी ने भी बात नहीं कराई और उसका नंबर ब्लैक लिस्ट में डाल दिया, जिससे परेशान होकर वह आत्महत्या कर रहा है। जिसके दोषी उसके साले सतीश, उसकी पत्नी परवेश, साला बबलू व साली सूजन है। सुसाइड नोट में कहा है कि उन्होंने प्रेम विवाह किया था, जिसके कारण वे लोग उसे परेशान कर रहे हैं।
पुलिस ने सुसाइड नोट व शिकायत के आधार पर चारों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर विवश करने का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।