लोकसभा चुनाव 2019: युवाओं ने रोजगार, शिक्षा और सुरक्षा के मुद्दे को दी अहमियत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पहली बार वोट डालने वाले मतदाताओं ने रोजगार और शिक्षा के मुद्दों को अहमियत दी। युवा मतदाताओं ने ऐसी सरकार के लिए वोट डालने की बात कही जो उन्हें इधर-उधर के मुद्दों में भटकाए बिना जनहित के मुद्दों की बात करें। पहली बार वोट डालने वाली रुचिका सिंह ने कहा कि वो दिल्ली की तीनों पार्टियों से बहुत निराश हैं। आम आदमी पार्टी विकल्प के तौर पर उभरी लेकिन वह भी आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति में उलझ कर रह गई। सरकारी नौकरी की तैयारी में जुटी रुचिका का कहना है कि देश में ऐसी सरकार होनी चाहिए जो रोजगार, स्वास्थ, शिक्षा जैसे मुद्दों पर ध्यान दे। न कि ऐसी सरकार जो केवल अपने-आप को सत्ता में रखने के लिए लोगों को मुद्दों से भटकाए।
दिल्ली विश्वविद्यालय के शिवाजी कॉलेज में पढ़ाने वाले रितिकई ने बताया कि मैं पार्टियों के पोस्टर पर लगे बड़ी तस्वीरों को ध्यान में रखकर नहीं बल्कि छोटी तस्वीरों को ध्यान में रख कर वोट दे रहा हूं। प्रधानमंत्री और बड़े नेता तो हमारी समस्या सुनने आएंगे नहीं। हमारी समस्या तो हमारे प्रत्याशी ही सुनेंगे तो उन्हीं को केंद्र में रख वोट देना चाहिए।
एमबीए की पढ़ाई करने वाली लतिका ने कहा कि उन्हें मौजूदा सरकार का काम पसंद है। उन्होंने बताया कि नोटबंदी के जरिए मौजूदा सरकार ने भ्रष्टाचार को खत्म किया है। मैनें एक मजबूत सरकार के लिए वोट किया है। लेडी हार्डिंग कॉलेज में नर्सिंग की पढ़ाई करने वाली निधि ने बताया कि उन्होंने रोजगार और शिक्षा को ध्यान में रखते हुए अपना वोट दिया है।
वोट के बाद सेल्फी का भी दिखा क्रेज
दिल्ली में रविवार को जहां हर जगह मतदान को लेकर लोगों में उत्साह देखने को मिला। वहीं पोलिंग बूथ पर मतदान के बाद लोगों ने सेल्फी का आनंद भी उठाया। लगभग सभी मतदान केंद्रों पर बने सेल्फी बूथ के साथ मतदाताओं ने न सिर्फ फोटो खिंचाई, बल्कि उन्हें सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अन्य लोगों से मतदान करने की अपील भी की।
सेल्फी बूथ का सबसे ज्यादा क्रेज दिल्ली के उन नए युवाओं पर था, जो पहली बार लोकतंत्र के इस पर्व में हिस्सा बने। चुनाव आयोग के अनुसार, इस बार दिल्ली में करीब 2 लाख नए मतदाताओं का इजाफा हुआ है। रविवार दोपहर तक दिल्ली वोट करेगा नामक हैशटैग ट्विटर पर छाया रहा। वहीं फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी युवाओं ने सेल्फी को साझा किया।