कपड़ों के नीचे दबकर मजदूर की मौत, हंगामा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बल्लभगढ़ के सेक्टर-25 स्थित हरियाणा टेक्स प्रिंट नामक एक कंपनी में कपड़े के थान के नीचे दबकर एक मजदूर की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने मौके पर पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया।
परिजनों ने आरोप लगाया कि कंपनी मालिक कई घंटों तक मजदूरों से काम करवाते हैं। इस कारण यह घटना हुई है। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। काफी मशक्कत के बाद परिजनों ने पुलिस को शव पोस्टमार्टम के लिए ले जाने दिया।
गुस्साए लोगों ने प्रबंधकों पर मामला दर्ज करने और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की। प्रबंधकों के मुआवजा देने के आश्वासन पर गुस्साए लोग शांत हो गए। हालांकि यह तय नहीं हुआ कि कितना मुआवजा दिया जाएगा।
मैनेजर ने नहीं दी थी छुट्टी
कृष्णा कॉलोनी निवासी बिजेंद्र तिवारी सेक्टर-25 स्थित कपड़ों की रंगाई करने वाली एक कंपनी में काम करता था। मृतक के भाई अनिल ने बताया कि करीब 15 दिन से बिजेंद्र से दो शिफ्टों में काम लिया जा रहा था। अन्य दिनों की तरह बुधवार को भी उसने सुबह से रात तक काम किया।
दोनों शिफ्टों का काम करने के बाद उसने प्रबंधकों से एक घंटे के लिए घर जाने की बात कही, लेकिन अनुमति नहीं मिली। इस कारण बिजेंद्र कंपनी में चाय पीकर आराम करने के लिए कपड़ों के एक ढेर पर सो गया। इस दौरान उसकी पत्नी रंजू ने उसे फोन किया। काफी देर तक जब उसका संपर्क नहीं हो पाया, तो उसने बिजेंद्र के साथ काम करने वाले विजय और दर्शन के साथ मिलकर उसकी तलाश शुरू कर दी।
तलाश करती हुई रंजू और दोनों सहकर्मी कंपनी आ गए। वहां उन्होंने देखा कि बिजेंद्र कपड़ों के गट्ठर के नीचे दबा हुआ था। वह मृत हालत में था। इसके बाद परिजनों और अन्य मजदूरों ने कंपनी में हंगामा कर दिया।
परिजनों ने आरोप लगाया कि अधिक काम लेने के कारण बिजेंद्र की मौत हुई। गुस्साए लोगों ने प्रबंधकों पर मामला दर्ज करने और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की। बाद में प्रबंधकों के आश्वासन के बाद गुस्साए लोग शांत हुए।