‘मोदी जी आपका रेड राज बेरहम जागीरदारों जैसा.. मेरी बात मत मानिए'
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर काला धन-सफेद करने वाली आय घोषणा योजना को फ्लॉप करार दिया है।
केजरीवाल ने लिखा है कि आपके शासनकाल में देश का व्यापारी बर्बाद हो गया है। छोटे व्यापारी व दुकानदारों पर आयकर विभाग छापेमारी कर रहा है। सत्ता के नशे में छोटे व्यापारियों व दुकानदारों को बर्बाद मत करिए।
केजरीवाल ने लिखा है, आपका रेड राज बेरहम जागीरदारों की याद दिलाता है, जो लगान वसूलने के लिए छोटे कारोबारियों और किसानों पर अत्याचार करके अपनी तिजोरी भरते थे।
भ्रष्ट दोस्तों को बचाने के लिए छोटे व्यापारियों को चोर बताना बंद करिए। छोटे व्यापारी ईमानदार और देशभक्त हैं। मेरी बात मत मानिए, जब कभी अकेले हों तो आत्मा की आवाज सुनिए।
'भ्रष्ट दोस्तों को बचाने के लिए छोटे व्यापारियों को चोर बताना बंद करें'
अरविंद केजरीवाल ने पत्र के शुरू में लिखा है कि आपने एक लाख छोटे व्यापारियों पर छापेमारी का आदेश दिया है। मैंने आयकर विभाग में नौकरी की है, पहले भरोसा नहीं हुआ लेकिन सच जानकर आश्चर्य हुआ।
चुनाव के पहले हर गरीब के खाते में 15-15 लाख रुपये मिलने की संभावना विदेश में जमा काले धन से जताई थी। सत्ता में आए तो कुछ नहीं किया। जिनका काला धन विदेश में है वो आपके शपथ ग्रहण में शामिल हुए थे और विदेश यात्रा में साथ दिखे। कुछ के पारिवारिक कार्यक्रम में भी शामिल हुए।
पत्र में आगे लिखा है कि केंद्र सरकार ने काला धन रखने वालों पर कार्रवाई के बजाय उसे सफेद करने की सुविधा दी। एक लाख करोड़ की काली कमाई सफेद होने की उम्मीद थी, योजना खत्म होने में कुछ दिन है, सिर्फ 4000 करोड़ का खुलासा हुआ है।
1997 में ऐसी योजना से 30 हजार करोड़ रुपये की काली कमाई सामने आई थी। अब लक्ष्य पूरा नहीं हुआ तो छोटे दुकानदार पर छापा मारकर जुर्म कबूल करने और योजना में पैसा जमा करने का दबाव डाला जा रहा है।