Delhi : केजरीवाल ने कहा- केंद्र सरकार से कानून व्यवस्था नहीं संभल रही, अपराधी बेखौफ... दहशत में दिल्लीवासी
विश्वास नगर और गोविंदपुरी में दो लोगों की हत्या पर आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा ने दिल्ली की कानून व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। हर तरफ लोग दहशत में हैं। केंद्र सरकार से कानून व्यवस्था नहीं संभल रही है।
विस्तार
राजधानी में कानून व्यवस्था को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने भाजपा पर हमला बोला है। विश्वास नगर और गोविंदपुरी में दो लोगों की हत्या पर आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा ने दिल्ली की कानून व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। हर तरफ लोग दहशत में हैं। केंद्र सरकार से कानून व्यवस्था नहीं संभल रही है। इसे लेकर दिल्लीवालों को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी। अपराधी पूरी तरह से बेखौफ हैं। उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि यहां की कानून व्यवस्था केंद्र सरकार के पास है, वह क्या कर रही है। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली की कानून व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए एक बार फिर से आंदोलन करने की जरूरत पड़ी तो वह करेंगे।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यहां कानून व्यवस्था बहुत बुरी तरह से बिगड़ चुकी है। शनिवार सुबह विश्वास नगर के रहने वाले सुनील नाम के बर्तन व्यापारी मॉर्निंग वॉक पर गए थे। जब वह घर वापस लौट रहे थे तो सड़क के बीचोंबीच दो बाइक सवारों ने गोलियां मारकर हत्या कर दी। वहीं, गोविंदपुरी के अंदर किसी को चाकू मार दिया। यहां एक सप्ताह पहले उसी जगह पर एक पुलिस कॉन्स्टेबल की चाकू मारकर हत्या की गई थी। व्यापारियों को खुलेआम फिरौती की कॉल आ रही हैं। ऐसे में जो असली गैंगस्टर और मास्टरमाइंड है, वे खुलेआम घूम रहे हैं। रोहिंग्या और बांग्लादेशियों के सवाल पर केजरीवाल ने कहा कि रोहिंग्या को दिल्ली कौन लेकर आया है। बॉर्डर क्रॉस करने के बाद वे दिल्ली तक कैसे पहुंचे। देश में इनको रोकने की जिम्मेदारी केंद्र सरकार की है।
10 साल में काम कर दिल्ली को बदला
आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को पदयात्रा कर जनता से सीधा संवाद किया। मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र में हुई पदयात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में केजरीवाल से मिलने, उनसे बात करने का उत्साह देखने को मिला। केजरीवाल ने कहा कि पिछले 10 साल में काम करके दिल्ली को बदल दिया है। बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में काम किया।
केंद्र ने दिल्ली में लॉ एंड ऑर्डर का पूरी तरह ब्रेक डाउन किया : आतिशी
मुख्यमंत्री आतिशी ने एम्स ट्राॅमा सेंटर में गोविंदपुरी में हुई चाकूबाजी में पीड़ित परिवार से मुलाकात की। चाकूबाजी के कारण परिवार के एक सदस्य की मौत हो गई है और दूसरा गंभीर रूप से घायल है। इस मौके पर आतिशी ने कहा कि केंद्र सरकार ने दिल्ली में लॉ एंड ऑर्डर का पूरी तरह ब्रेक डाउन कर दिया है। दिल्ली में केंद्र सरकार की बस एक जिम्मेदारी लोगों को सुरक्षा देना है, लेकिन इसमें भी पूरी तरह फेल हो गई है। उन्होंने कहा कि बिगड़ती कानून व्यवस्था के कारण दिल्लीवाले परेशान हैं। लोग घर से बाहर निकलने में सुरक्षित महसूस नहीं करते हैं।
सोच समझकर वोट देना दिल्ली सरकार के सभी काम बंद कर देगी भाजपा
दिल्ली चुनाव को लेकर भाजपा द्वारा आधिकारिक तौर पर जारी किए गए नारे पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि भाजपा ने नारा दिया है, बदल के रहेंगे। उन्होंने कहा कि अगर इनको वोट दे दिया तो जनता के साथ मिलकर दस साल में दिल्ली सरकार ने जो काम किए हैं, वे काम बंद कर दिए जाएंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने एलान कर दिया कि वे सब कुछ बदल देंगे यानी 24 घंटे बिजली, महिलाओं का फ्री बस सफर, सरकारी स्कूल बर्बाद हो जाएंगे, सभी मोहल्ला क्लीनिक बंद कर दिए जाएंगे। उन्होंने लोगों से अपील की है कि इस बार सोच समझकर वोट देना। केजरीवाल का कहना है कि पिछले दस साल से पूरी मेहनत से दिल्ली के दो करोड़ लोगों के साथ मिलकर बहुत सारे काम किए हैं। पहले बिजली के लंबे-लंबे पावर कट लगते थे, लेकिन अब 24 घंटे बिजली आती है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.