केजरीवाल बोले झूठे छापे के लिए PM इस्तीफा दें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डीडीसीए और सीबीआई छापे को लेकर बुलाई गए दिल्ली विधानसभा के विशेष सत्र में सीएम अरविंद केजरीवाल ने जब बोलना शुरू किया तो सीधे पीएम मोदी को अपना निशाना बनाते हुए उनसे इस्तीफा ही मांग लिया।
उन्होंने नरेंद्र मोदी को पर सीधा वार करते हुए कहा कि पीएम दिल्ली में हार की पीड़ा भुला नहीं पा रहे हैं। जब भी पीएम के सामने मेरा नाम आता है तो उनका खून खौल जाता है।
इसके साथ ही उन्होंने पीएम पर अब तक का सबसे तगड़ा हमला करते हुए केजरीवाल ने पीएम का इस्तीफा मांग लिया है। उन्होंने कहा कि पीएम ने झूठे सीबीआई के छापे पड़वाए उन्हें कुछ नहीं मिला तो अब पीएम इस्तीफा दें।
'हमें कुछ मत दें पर काम करने दें'
केजरीवाल ने ये भी कहा कि जब मैं पीएम से मिला तो मैंने उनसे कहा कि न हमें जमीन चाहिए न हमें पैसा चाहिए। बस आप हमारे काम में बाधा उत्पन्न करना बंद कर दीजिए।
अपने पूरे भाषण में प्रधानमंत्री मोदी पर हमला करने वाले केजरीवाल ने कहा कि पीएम अगर दिल्ली के किसी काम में रुकावट पैदा न करें तो मैं खुद उनके स्वच्छ भारत जैसे अभियान को आगे ले जाउंगा और पूरी दिल्ली को साफ करूंगा लेकिन इसका क्रेडिट पीएम मोदी को ही दूंगा।
केजरीवाल ने सीबीआई छापे पर बोलते हुए कहा कि अगर छापा मेरे प्रधान सचिव पर पड़ा था तो मेरे दफ्तर पर आने की क्या जरूरत पड़ी? केजरीवाल बोले कि आज छापे का आठवां या छठवां दिन है और घंटों तक राजेंद्र कुमार से पूछताछ हो रही है। मैं पीएम मोदी से पूछना चाहता हूं कि उन्हें इस पूछताछ से क्या मिल गया?
उन्होंने आगे ये भी कहा कि अगर मेरा काम भ्रष्ट अधिकारी को निकालना है तो मेरा काम ईमानदार अफसर को बचाना भी है। इसके बाद तो केजरीवाल ने सीधे पीएम का इस्तीफा ही मांग लिया और कहा कि, 'मैं पीएम मोदी के इस्तीफे की मांग करता हूं क्योंकि उन्होंने सिर्फ अरुण जेटली को बचाने के लिए जाली छापा मरवाया।'
'अब हो गया है न काम करूंगा न करने दूंगा'
केजरीवाल ने पीएम पर हमला जारी रखते हुए आगे कहा कि पहले पीएम कहते थे कि 'ना खाऊंगा, ना खाने दूंगा।' अब हो गया है, 'ना काम करूंगा, न करने दूंगा।' इसके साथ ही केजरीवाल ने जेटली पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अगर वो निर्दोष हैं तो वो डर क्यों रहे हैं। जांच होने दें।
केजरीवाल के भाषण के दौरान नाराज होकर बीजेपी सांसद विजेंदर गुप्ता ने सदन छोड़ दिया जबकि स्पीकर उन्हें ऐसा करने से मना करते रह गए। इसके बाद सर्वसम्मति से विधानसभा में डीडीसीए मामले में जांच कमीशन बिठाने का प्रस्ताव पास किया गया।
वहीं जब राजीव प्रताप रूढ़ी से केजरीवाल के बयान के बारे में पूछा गया तो वो बोले कि पीएम का इस्तीफा एक ऐसा आदमी मांग रहा है जो तानाशाही में विश्वास करता है।