दिल्ली के नरूला बंधुओं ने केबीसी में जीते सात करोड़
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कौन बनेगा महाकरोड़पति में 7 करोड़ की रकम जीतने वाले दिल्ली के दो भाई हैं। गौरतलब है कि इसकी जानकारी शो के होस्ट अमिताभ बच्चन ने अपने ट्वीट से दी थी।
इस ट्वीट में महानायक बच्चन अपने साथ इन दोनों भाईयों की तस्वीरें भी डाली थीं। गौरतलब है कि कौन बनेगा महाकरोड़पति में इस बार दिल्ली के दो भाईयों की जोड़ी अचिन और सार्थक नरूला ने सात करोड़ की ईनाम राशि जीत ली है जो उनके लिए किसी सौगात से कम नहीं है।
14 सवालों का सही जवाब देकर करोड़पति बने अचिन पेशे से मार्केटिंग प्रबंधक हैं, जबकि सार्थक छात्र हैं। इन दोनों ने यह राशि केबीसी के जोड़ी स्पेशल एपिसोड में जीती है।
दोनों भाईयों ने इस इनाम राशि से मां के कैंसर का इलाज कराने का फैसला लिया है। इसके साथ ही दोनों भाई अपना बिका हुआ घर भी वापस खरीदना चाहते हैं। दरअसल पिता के व्यवसाय में हानि होने से उन्हें अपना घर बेचना पड़ा था और अब उसी घर को नरूला बंधू वापस खरीदना चाहते हैं।
इंटरनेट पर लाखों बार खोजे गए नरूला बंधू
जब केबीसी के प्रोड्यूसर सिद्धार्थ बसु ने ये बात पुख्ता कर दी कि केबीसी में सात करोड़ रूपए जीतने वाले दोनों दिल्ली के हैं उसके बाद अचिन और सार्थक के बारे में जानने के लिए लाखों की संख्या में सर्च हुए।
कई लोगों ने ट्विटर पर खोजा तो कईयों ने फेसबुक पर इनकी प्रोफाइल खोजने की कोशिश की। बहुत से लोगों ने ट्विटर पर भी इन्हें बधाई के संदेश दिए और इस तरह नरूला बंधू शनिवार को पूरे इंटरनेट पर छाए रहे। केबीसी में त्रिगुणी में शामिल पत्रकार राजीव मखानी ने भी अपने ट्विटर अकाउंट से इन्हें बधाई दी।
सोनी चैनल के अधिकारियों का कहना है कि वह इसी लम्हे का कबसे इंतजार कर रहे थे। जब से केबीसी शुरू हुआ है वो लो इस क्षण का इंतजार कर रहे थे और अचिन और सार्थक को जीतते देखना उनके लिए काफी सुखद अनुभव की तरह रहा। इन दोनों के इस राशि को जीत जाने के बाद भारतीय टीवी जगत में इतनी बड़ी राशि जीतने वाले ये दोनों पहले हैं।
इन दोनों की यह जीत विश्व टीवी जगत में जीती गई बड़ी राशियों में शुमार होगी। इनकी इस जीत पर तो अमिताभ ने यहां तक कहा कि ये दोनों तो बिना लाइफ लाइन लिए ही जीत जाते। आपको बता दें कि पूरे खेल के दौरान इन दोनों ने चार लाइफ लाइन का इस्तेमाल किया।
आपको बता दें कि शुक्रवार देर रात बच्चन साहब ने अपने एक ट्वीट से इन दोनों भाईयों की जीत का मात्र संकेत भर दिया था और शनिवार को पूरे दिन हर ओर इन्हीं को लेकर गहमागहमी बनी रही।
इस ट्वीट में बच्चन साहब ने लिखा कि 'केबीसी के सेट पर इतिहास रच गया। कितने अद्भुत क्षण हैं ये। अविश्वसनीय केबीसी का जोश अपने चरम पर पहुंच गया है। अविश्वसनीय क्षण।'
इस ट्वीट के साथ ही उन्होंने केबीसी के सेट की एक शानदार फोटो भी शेयर की है। इस ट्वीट के बाद जब लोग जानने को परेशान रहे कि आखिर कौन है वो जो बन गया करोड़पति तो शनिवार को शो के प्रोड्यूसर सिद्धार्थ बसु ने फोटो के साथ ट्वीट करके पूरी बात साफ कर दी।