'केजरीवाल का मानसिक इलाज कराना चाहिए, नहीं तो ये आदमी दिल्ली को डुबो देगा'
एनडीएमसी के वकील एमएम खान के हत्याकांड में आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच जिस तरह से लेटर वॉर चल रहा है, उस पर भाजपा नेता करण सिंह तंवर ने केजरीवाल पर जबरदस्त हमला बोला है।
करण सिंह तंवर ने एएनआई से बात करते हुए पूछा, 'चिट्ठियों से मर्डर होते हैं क्या? उसमें बम या गोली होती है? आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।' इसके बाद करण सिंह ने बड़ा बयान देते हुए कह दिया कि, 'केजरीवाल को किसी अस्पताल में भर्ती होकर मानसिक इलाज कराना चाहिए, नहीं तो ये आदमी दिल्ली को डुबो देगा।'
बता दें कि आज फिर आप पार्टी ने महेश गिरी पर नए आरोप लगाकर फिर से उनकी गिरफ्तारी की मांग की है। आप का आरोप है कि खान हत्याकांड के दो दिन बाद ही मुख्य आरोपी रमेश कक्कड़ को बचाने के लिए उपराज्यपाल ने चिट्ठी लिखी और महेश गिरी ने जांच को प्रभावित करने की कोशिश की। आप का आरोप है कि संवैधानिक अधिकार न होते हुए भी एलजी ने बार-बार निगम को चिट्ठी लिख एमएम खान के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
अंग्रेजी अखबार में छपी रिपोर्ट को दिखाया
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आज आम आदमी प्रवक्ता राघव चड्ढा ने एक अंग्रेजी अखबार में छपी रिपोर्ट को दिखाते हुए कहा कि, साफ है कि माननीय उपराज्यपाल को चिट्ठी लिखी गई और उपराज्यपाल ने वही चिट्ठी आगे बढ़ाते हुए एनडीएमसी को भेजी और कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने कहा कि चिट्ठी का नंबर 83212 है, जो भजापा के महेश गिरि द्वारा लिखी गई है। यह चिट्टी होटल मालिक रमेश कक्कड़ को फायदा पहुंचाने के उद्देश्य से लिए लिखी गई। इसलिए महेश गिरि को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। क्या गिरी के एमएम खान की हत्या की सुपारी देने वालों के साथ संबंध थे?'
आप की प्रेस कॉन्फ्रेंस में पेश किए दस्तावेजों पर महेश गिरी ने कहा कि दस्तावेजों पर 2017 की तारीख है, तो वे अपने आप फर्जी हो गए। मैं पत्र लिखकर दिल्ली के पुलिस कमिश्नर को केस की छानबीन करने और सीएम केजरीवाल को पूछताछ के लिए बुलाने को कहूंगा।
गौरतलब है कि चंद रोज़ पहले ही अरविंद केजरीवाल ने एमएम ख़ान हत्या के मामले में सांसद महेश गिरी और दिल्ली के एलजी नजीब जंग पर करारा प्रहार किया था। इस बाबत अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग को चिट्ठी लिखी थी जिसमें आरोप लगाए थे कि एनडीएमसी के वकील एमएम खान हत्याकांड में एनडीएमसी के उपाध्यक्ष करन सिंह तंवर और महेश गिरी को पुलिस बचा रही है। हालांकि दिल्ली पुलिस की जांच रिपोर्ट में दोनों को क्लीन चिट दे चुकी है।
उल्लेखनीय है कि 16 मई की रात दिल्ली की जामिया नगर में एनडीएमसी के वकील एमएम खान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी जिसके बाद से राजनीति गरम है।