BJP की प्रचंड जीत के बाद जेएनयू के वीसी ने किया ऐसा ट्वीट कि मच गया हंगामा
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत का श्रेय ‘विकास और सबका साथ‘ को देने पर जवाहर लाल नेहरु(जेएनयू) के कुलपति जगदीश कुमार को सोशल मीडिया पर ट्रोल किया गया।
शनिवार को पांच राज्यों के चुनाव नतीजे आने के बाद यूपी विधानसभा चुनाव के परिणामों को लेकर उन्होंने ट्वीट किया- ‘भारत के लोगों ने एक बार भी यह जता दिया है कि भाजपा विकास और सभी तबकों के साथ खड़ी है।’
जेएनयू के वीसी ने अपना ट्वीट कुछ पत्रकारों को भी भेजा। इसके बाद सोशल मीडिया पर जेएनयू के वीसी की आलोचना होने लगी। सनी धीमान नाम के एक सोशल मीडिया यूजर ने उन्हें ट्रोल करते हुए लिखा- ‘आपने लिखा कि मैं संघी या भाजपा का सदस्य नहीं हूं। लेकिन, आप भूल गए कि आप यूनिवर्सिटी के वीसी हैं, न कि कोई भाजपा प्रत्याशी।’
'कुलपति खुशी से उछल रहे हैं'
एक अन्य ट्विटर यूजर ने ट्वीट किया- ‘यूपी में भाजपा की जीत पर एक केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति खुशी से उछल रहे हैं। वह अपनी खुशी छिपा नहीं पा रहे।’ जेएनयू छात्र संघ (जेएनयूएसयू) के पूर्व अध्यक्ष वी. लेनिन कुमार ने ट्वीट किया- ‘भाजपा की जीत पर जेएनयू के वीसी ने ट्वीट किया। सर, अब चलिए मंदिर बनवाएंगे।’
जेएनयू के वीसी को लेकर एक अन्य ट्वीट में कहा गया- ‘एक केंद्रीय विश्वविद्यालय के सबसे ऊंचे पद पर आसीन कुलपति का इस तरह संघ से अपना जुड़ाव प्रदर्शित करना उचित नहीं है।’
बता दें कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शाखा ‘विजन भारती’ में रहे और ‘स्वदेशी विज्ञान आंदोलन’ से जुड़े जगदीश कुमार पर इसके पहले कई बार भाजपा व संघ के निर्देशों के अनुसार काम करने के आरोप भी लग चुके हैं।