केजरीवाल के खिलाफ चुनाव लड़ेंगी जयाप्रदा!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फिल्म अभिनेत्री जया प्रदा के भाजपा में शामिल होने के कयासों के बीच खुद जया प्रदा ने यह स्वीकार किया है कि उनकी बातचीत चल रही है और जैसे ही कोई फैसला होता है इसकी जानकारी सबको हो जाएगी।
एएनआई के मुताबिक जया प्रदा ने कहा है, 'मुझे किसी पद की कोई लालसा नहीं है और न ही पार्टी से कोई अपेक्षा है। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काम करना चाहती हूं।'
हालांकि इस दौरान खबर ये भी है कि आज ही भाजपा के राष्ट्रीय नेता अमित शाह की उपस्थिती में पूर्व आईपीएस अधिकारी किरण बेदी भाजपा में शामिल हो सकती हैं।
तमिल बहुल इलाकों में बनेंगी स्टार प्रचारक
अभिनय से राजनीति में कदम रखने वाली जया प्रदा भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो सकती हैं। दिल्ली में तेलगु बहुल इलाकों में उन्हें स्टार प्रचारक के तौर पर इस्तेमाल किया जा सकता है।
सूत्रों की मानें तो भाजपा उन्हें दिल्ली विधानसभा चुनाव में अरविंद केजरीवाल के खिलाफ मैदान में उतार सकती है। भारतीय जनता पार्टी ने आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि अभी तक नहीं की है कि नई दिल्ली विधानसभा सीट से पार्टी का उम्मीदवार कौन होगा।
बता दें कि जया प्रदा 2014 में उत्तर प्रदेश के बिजनौर से लोकसभा चुनाव लड़ चुकी हैं। राष्ट्रीय लोकदल से लोकसभा उम्मीदवार जयाप्रदा को यहां हार का सामना करना पड़ा था।
दो बार रह चुकी हैं लोकसभा सदस्य
जय प्रदा इससे पहले तेलगुदेशम पार्टी और समाजवादी पार्टी से भी जुड़ी रही थीं। वह राज्यसभा सदस्य रह चुकी हैं और दो बार लोकसभा के लिए भी चुनी जा चुकी हैं।
हालांकि दिल्ली में भाजपा के लिए यह तय करना बेहद मुश्किल हो रहा है कि नई दिल्ली विधानसभा सीट से वह अरविंद केजरीवाल के खिलाफ किसे अपना उम्मीदवार बनाए।
नई दिल्ली विधासभा सीट से भाजपा उम्मीदवार को लेकर कयासों का बाजार गर्म है। सूत्रों की मानें तो पार्टी केजरीवाल के खिलाफ तीन बड़े नामों को लड़ाने पर विचार कर रही है।
तीन महिलाएं थामेंगी भाजपा का हाथ
नई दिल्ली सीट से भाजपा उम्मीदवार की दौड़ में पूर्व आईपीएस अधिकारी किरण बेदी भी शामिल हैं। इस सीट से पूर्व आप नेता शाजिया इल्मी के नाम को लेकर भी कयास लगाए जा रहे हैं।
हालांकि शाजिया ने खुद ही ट्वीट कर सफाई दी कि नई दिल्ली तो क्या वह किसी भी सीट से चुनाव नहीं लड़ रही हैं। हालांकि इस बीच खबर यह भी है कि किरण बेदी और शाजिया इल्मी सहित जयाप्रदा बृहस्पतिवार को भाजपा में शामिल हो सकती हैं।