शाही इमाम के समर्थन को आप ने ठुकराया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली स्थित जामा मस्जिद के शाही इमाम सैय्यद अहमद बुखारी ने दिल्ली चुनाव में मतदान से एक दिन पहले एक बड़ा फैसला लेते हुए सभी मुसलमानों से आम आदमी पार्टी के पक्ष में वोट डालने की अपील की है।
इसके तुरंत बाद आम आदमी पार्टी ने प्रस्ताव को ठुकराते हुए कहा कि वह किसी भी तरह की सांप्रदायिक राजनीति के खिलाफ है और इमाम के समर्थन को अस्वीकार करती है।
बुखारी ने अपने संबोधन में कहा कि मैं सभी मुसलमानों से अपील करता हूं कि एक सेक्युलर सरकार बनाने के लिए आम आदमी पार्टी का समर्थन करें। बता दें कि लोकसभा चुनाव के दौरान अहमद बुखारी ने कांग्रेस को समर्थन देने का एलान किया था।
हालांकि इसके तुरंत बाद ही आप ने ट्वीट कर शाही इमाम के समर्थन की आलोचना करते हुए उसे ठुकरा दिया है। पार्टी ने कहा है कि वह किसी भी प्रकार की सांप्रदायिक राजनीति के खिलाफ है।
साथ ही पार्टी ने कहा कि आम आदमी पार्टी को भारत के लोगों का समर्थन चाहिए और हम इसके लिए लगातार काम करते रहेंगे।
आप ने इमाम को दिखाए सख्त तेवर
इस बीच आप नेता संजय सिंह ने कहा हमें आम इसाई, आम मुसलमान, आम सिख और आम हिंदुओं के समर्थन की जरूरत है। हमें इमाम बुखारी के समर्थन की कोई आवश्यता नहीं है। इसलिए हम उनका समर्थन ससम्मान ठुकराते हैं।
आम आदमी पार्टी ने शाही इमाम की आलोचना करते हुए कहा कि वह अलग-अलग समय पर अलग-अलग पार्टियों का समर्थन करते रहे हैं। उन्होंने देश के प्रधानमंत्री के बजाय पाकिस्तानी प्रधानमंत्री को जामा मस्जिद के एक कार्यक्रम में आमंत्रित किया था।
उधर भारतीय जनता पार्टी ने प्रेस कांफ्रेंस कर आम आदमी पार्टी की आलोचना करते हुए वित्त मंत्री अरूण जेटली ने कहा कि भारतीय समाज एक सहनशील समाज रहा है और किसी को भी इसके इतिहास को बदलने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि फतवे के खिलाफ सौ प्रतिशत मतदान करें।
अन्य पार्टियों ने भी किया आप का समर्थन
दिल्ली चुनाव में आम आदमी पार्टी के समर्थन में एक दिन पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी आ गईं थी। उन्होंने दिल्ली की जनता से अपील की थी कि वह आम आदमी पार्टी के पक्ष में वोट करें।
इसके अलावा ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन और सीपीआईएम के प्रकाश करात ने भी दिल्ली के लोगों से आम आदमी पार्टी के समर्थन में वोट डालने की अपील की थी।
बता दें कि सीपीआईएम ने दिल्ली में केवल 15 सीटों पर ही अपने उम्मीदवार खड़े किए हैं। शेष 55 सीटों पर उन्होंने आम आदमी पार्टी को समर्थन देने की बात कही है।