गोपी के शक्ति प्रदर्शन ने लगाया रफ्तार पर ब्रेक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गुड़गांव के शहरी क्षेत्र से पर्चा दाखिल करने के बहाने बुधवार को इंडियन नेशनल लोकदल के प्रत्याशी गोपीचंद गहलोत ने शहर के मुख्य हिस्से में जमकर शक्ति प्रदर्शन किया। उनका लंबा-चौड़ा काफिला उस इलाके से होकर गुजरा, जो यहां से चुनाव लड़ रहे कई उम्मीदवारों का गढ़ माना जाता है।
गोपीचंद गहलोत जुलूस की शक्ल में अपने चुनाव कार्यालय मोर चौक से करीब 11 बजे नामांकन के लिए निकले। उनका जुलूस अग्रवाल धर्मशाला, रामलीला ग्राउंड होते हुए सदर बाजार पहुंचा। इस दौरान काफिले के साथ इतनी भीड़ थी कि पूरा बाजार चोक हो गया।
दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठान के आगे से सामान समेटना पड़ा। इस दौरान ग्राहक बाजार में प्रवेश ही नहीं कर पाए। जुलूस को सदर बाजार से निकलने में करीब डेढ़ घंटे लगे। यहां से लघु सचिवालय पहुंचने में करीब एक घंटे से अधिक का समय लग गया।
महिलाओं के ग्रुप का प्रतिनिधित्व पार्टी की महिला नेता सुनीता कटारिया और युवाओं का नरेश सहरावत कर रहे थे। जुलूस में असल खान, शम्सू, शकील सहित बड़ी संख्या में मुस्लिम भी थे। नूंह से इनेलो के प्रत्याशी जाकिर हुसैन के लोगों का भी जुलूस का समर्थन था।
जाम से जूझता रहा पुराना शहर
हरियाणा विधानसभा चुनावों की नामांकन प्रक्रिया में बुधवार को प्रत्याशियों के साथ उमड़े समर्थकों की भीड़ ने पुराने शहर की रफ्तार को ही थाम दिया।
बुधवार को इनेलो प्रत्याशी समेत निर्दलीय प्रत्याशियों के नामांकन में जुलूस के चलते आधे दिन तक पूरा शहर जाम से जूझता रहा। ट्रैफिक पुलिस के इंतजामों के दावों के बावजूद वाहन-चालक जाम में पसीनों से तर-बतर होते रहे, जिन्हें निकालने के लिए ट्रैफिक पुलिस भी बेबस नजर आई।
बुधवार सुबह मोर चौक के आसपास सड़क किनारे वाहनों का दबाव बढ़ने के बाद प्रत्याशी के नामांकन के लिए निकलने के बाद रास्ता पूरी तरह जाम हो गया, जहां से भी भीड़ उमड़ी पूरा रास्ता जाम हो गया। नेता के समर्थन में निकले जुलूस में सदर बाजार, डाकखाना चौक, सोहना चौक से लेकर राजीव चौक तक वाहनों की लंबी कतारें लग गई।
दोपहर को लंच टाइम में सरकारी दफ्तरों से निकलने वाले कई बड़े अधिकारी भी जाम में फंसे दिखे। हालांकि, इस पूरे जाम में ट्रैफिक पुलिस के इंतजाम पूरी तरह फेल नजर आए, जिसमें ट्रैफिक पुलिसकर्मी वाहनों को रोकने के लिए मिन्नतें करते दिखे।
वाहनचालकों ने खुद ही किया डायवर्जन
दोपहर ढाई बजे बाद जाम से राहत मिली। ऐसे में गुरुवार को नामांकन प्रक्रिया में कई बड़े प्रत्याशियों के नामांकन के लिए आने की सूचना को लेकर ट्रैफिक पुलिस के लिए यहां इंतजाम करना बड़ी चुनौती बन गया है।
जाम से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस के इंतजाम फेल होने के बाद वाहन चालकों को खुद ही रूट डायवर्जन करना पड़ा। नतीजा यह हुआ कि सिविल लाइंस एरिया में वाहनों की लंबी कतार लग गई। दो घंटे तक रास्ता प्रभावित रहने के बाद किसी तरह वाहनों को निकाला गया।
बेरिकेटिंग से एक्सप्रेस-वे पर दिखा असर
एक्सप्रेस-वे पर हीरो होंडा चौक से राजीव चौक के लिए निकलने वाले राजीव चौक एग्जिट प्वाइंट पर पुलिस ने बेरिकेटिंग कर बंद कर दिया, जिसके चलते एक्सप्रेस-वे पर वाहनों का दबाव बढ़ गया। कट बंद होने से राजनगर तक एक्सप्रेस-वे पर वाहनों का लंबा जाम लग गया, जिसके बाद पुलिस ने वाहनों को झाड़सा चौक कट से निकला गया।