तो ये है हालत 'सूरजकुंड इंटरनेशनल हैंडीक्राफ्ट फेयर' के तैयारियों की, देखें PICS
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेला आधी-अधूरी तैयारी के बीच लोगों के स्वागत को तैयार है। मेला शुरू होने में एक दिन शेष है और परिसर में अधिकांश काम अधूरे पड़े हैं।
हालांकि, अधिकारियों का दावा है कि मेला शुरू होने से पहले ये सारा काम पूरा कर लिया जाएगा। वहीं दो फरवरी से शुरू होने वाले मेले के लिए बुधवार को शिल्पकारों का आना शुरू हो गया है।
उनके पंजीकरण के लिए नाट्यशाला में भी काउंटर लगाया गया है। यहां प्रत्येक शिल्पकार के पंजीकरण से पहले उनके दस्तावेजों को जांचा जा रहा है।
सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले में इस बार उत्तर प्रदेश थीम स्टेट के रूप में शिरकत कर रहा है। दो फरवरी को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल मेले का उद्घाटन करेंगे।
उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने के लिए दिल्ली गेट की तरफ काशी के घाट बनाए जा रहे हैं, मगर अभी तक उनका काम पूरा नहीं हुआ है।
इसी तरह चौपाल के पास कुंभ द्वार व अपना घर का काम भी अधूरा पड़ा है। मेले की सजावट भी पूरी तरह से नहीं हो पाई है। मेला परिसर को देरी से संवारने तथा उत्तर प्रदेश के कलाकारों का देरी से आने का खामियाजा अब भुगतना पड़ रहा है।
राजहंस में चल रहा मरम्मत का काम
मुख्यमंत्री योगी और मनोहर लाल सूरजकुंड में राजहंस के पास बने हेलीपेड पर उतरेंगे और वहां से विश्राम के लिए राजहंस में जाएंगे। राजहंस में भी रेनोवेशन का काम चल रहा है।
बुधवार को होटल राजहंस में फव्वारों को संवारने, फर्श पर मार्बल व शीशे के दरवाजे की मरम्मत का काम चल रहा था।
नाट्यशाला में लगाया पंजीकरण काउंटर
मेले की तैयारियों के बीच बुधवार को शिल्पकारों का मेला परिसर में आगमन शुरू हो गया है। मेला परिसर के बाहर नाट्यशाला में उनके पंजीकरण के लिए काउंटर लगाया गया है, जहां हरियाणा पर्यटन निगम के अलावा हैंडलूम व हैंडीक्राफ्ट विभाग के अधिकारी वहां मौजूद थे।
वे शिल्पकारों के दस्तावेजों को जांच कर उनका पंजीकरण व स्टॉल अलॉटमेंट का काम देख रहे हैं। मेले में देश विदेश के करीब 11 सौ शिल्पकार शामिल होंगे। विदेशी शिल्पकारों का पंजीकरण विदेश मंत्रालय के मार्फत पहले ही हो जाता है।