नोएडा : मनमाना ऑटो किराया वसूले जाने की बात से खुद को अनजान दिखा रहे अधिकारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मनमाना ऑटो किराया वसूले जाने और इसे लेकर सवारियों से बदसलूकी पर भले ही हर तरफ चर्चा हो रही हो लेकिन परिवहन विभाग के अधिकारी अभी भी खुद को इससे अनजान दिखा रहे हैं।
हालत यह है कि सहायक परिवहन अधिकारी एसके सिंह कहते हैं कि यदि निर्धारित से अधिक किराया वसूला जा रहा है तो लोग कार्यालय में लिखित शिकायत कर सकते हैं। विभाग को कार्रवाई करने के लिए लिखित शिकायत का इंतजार है।
वहीं हाईकोर्ट की तरफ से 6.17 रुपए प्रति किमी. ऑटो किराया निर्धारित करने के आदेश का पालन भी अब तक विभाग नहीं करा पाया है। ऑटो चालकों ने अचानक किराया बढ़ा दिया है। यहां तक कि थोड़ी ही दूर जाने के लिए भी 10 रुपये वसूल रहे हैं। इससे सवारी परेशान हैं।
प्रतिदिन किराए के नाम पर तू-तू मैं-मैं हो रही है। इसके बाद भी जिला प्रशासन या परिवहन विभाग के अधिकारी कोई संज्ञान नहीं ले रहे हैं। नोएडा-गाजियाबाद में हाईकोर्ट के आदेश पर ऑटो में सवारी किराया (6.17 रुपये प्रति किलोमीटर) तय किया जा चुका है।
'ठूंस-ठूंसकर सवारियों को बैठाया जा रहा है'
इसको लागू कराने की जिम्मेदारी करीब एक वर्ष पहले परिवहन विभाग के सहायक संभागीय परिवहन अधिकारियों (प्रवर्तन) को परिवहन मुख्यालय की ओर से सौंपी गई थी। कोर्ट की ओर से निर्धारित किराया लागू नहीं हो पाया है।
सवारियों के मुताबिक, नोएडा से लेकर गाजियाबाद तक प्रत्येक ऑटो वाहन में ठूंस-ठूंसकर सवारियों को बैठाया जा रहा है। हर 100 मीटर से लेकर 500 मीटर पर धड़ल्ले से ऑटो चालक सवारियों से 20 रुपये किराया वसूल रहे हैं।
विरोध करने पर सवारियों से बदसलूकी हो रही है। सवारियों का आरोप है कि ऑटो चालकों ने किसी भी प्रकार की शिकायत से बचने के लिए नंबर प्लेट से छेड़छाड़ कर रखी है। नोएडा में ऑटो का निर्धारित किराया 6.17 रुपये प्रति किलोमीटर और 2.93 रुपये अतिरिक्त 500 मीटर तक है।
ऑटो में सरकारी किराया लागू कराने के लिए पिछले दिनों अभियान भी चलाया गया था। जगह-जगह रेट लिस्ट भी चस्पा की गई थी। यदि किसी सवारी से निर्धारित किराए से अधिक वसूली हो रही है तो वह ऑफिस में लिखित शिकायत कर सकता है। - एसके सिंह, सहायक परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), गौतमबुद्ध नगर।