जुनैद हत्याकांड : ‘दो करोड़ तो क्या 100 करोड़ रुपये भी दे तो समझौता नहीं करेंगे’
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जुनैद हत्याकांड की जांच सीबीआई से कराए जाने की पीड़ित पक्ष की याचिका पर सुनवाई के दौरान हरियाणा पुलिस ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में जो जवाब दायर किया है, उसे जुनैद के पिता मोहम्मद जलालुद्दीन ने सिरे से खारीज करते हुए कहा है कि पुलिस सरासर झूठ बोल रही है।
उन्होंने कहा कि पुलिस उनका केस खराब करना चाहती है। पुलिस की जांच पर उन्हें बिल्कुल भरोसा नहीं है, तभी वे सीबीआई से जांच करवाने की मांग कर रहे हैं। मोहम्मद जलालुद्दीन ने अमर उजाला को बताया कि उन्हें कोई दो करोड़ तो क्या यदि 100 करोड़ रुपये भी दे तो वे समझौता नहीं करेंगे।
हां उन्होंने पिछले दिनों मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मुलाकात कर उनके द्वारा घोषणा की गई मुआवजा राशि दिलवाने की जरूर मांग की थी, मगर यह आरोप बिल्कुल गलत हैं कि मामले में समझौता करने के लिए उनकी किसी से बातचीत चल रही है।
'जुनैद को इस मामले में जरूर इंसाफ मिलेगा'
उन्होंने न्यायपालिका पर भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें व उनके बेटे जुनैद को इस मामले में जरूर इंसाफ मिलेगा। पुलिस सुरक्षा लौटाने की बात पर कहा कि उन्होंने तीन माह पहले पुलिस सुरक्षा की मांग की थी, मगर उन्हें सुरक्षा उपलब्ध नहीं करवाई गई।
बुधवार को दो पुलिसकर्मी उनके पास पहुंचे हैं, जो अब उनके पास हैं। जलालुद्दीन ने बताया कि आरोपी पक्ष की ओर से उन पर समझौते के लिए दबाव बनाया जा रहा है। दिवाली से पहले भी सद्भावना बैठक के नाम पर गांव में पंचायत आयोजित की गई, मगर वे उसमें शामिल नहीं हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की पंचायतों में सीधे-सीधे उनसे मामला वापस लेने के लिए कहा जाता है, मगर वे इसके लिए तैयार नहीं है।