लुटेरों से भिड़े हवलदार: बदमाशों को रोकने की कोशिश में तोड़ा शीशा, कार में गिरी पिस्टल तो लेकर फरार हुए आरोपी
लूट की ईको कार में घूम रहे बदमाशों को पकड़ने के लिए दो हवलदार भिड़ गए। हवलदारों को देखकर बदमाशों ने गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में हवलदार विवेक ने भी गोलियां चलाईं। उसने पिस्टल की बट से बदमाशों की कार के शीशे पर हमला किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजधानी दिल्ली में एनएच-8 पर लूट की ईको कार में घूम रहे बदमाशों को पकड़ने के लिए दो हवलदार भिड़ गए। हवलदारों को देखकर बदमाशों ने गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में हवलदार विवेक ने भी गोलियां चलाईं। उसने पिस्टल की बट से बदमाशों की कार के शीशे पर हमला किया। इससे शीशा तो टूट गया, लेकिन पिस्टल कार में गिर गई। बदमाश विवेक की पिस्टल लेकर फरार हो गए। दक्षिण-पश्चिमी जिले के 250 से ज्यादा पुलिसकर्मी बदमाशों की तलाश कर रहे हैं।
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वसंतकुंज (साउथ) थाना इलाके के घिटोरनी में 26 मई को लूट हुई थी। ईको कार में सवार बदमाश मोबाइल व पांच हजार रुपये लूटकर ले गए थे। सीसीटीवी फुटेज में बदमाशों की कार कैद हो गई थी। वसंतकुंज (साउथ) थाने में तैनात हवलदार विवेक व नरेश ने फुटेज से मिले रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर बदमाशों की कार की पहचान कर ली थी। दोनों ही पुलिसकर्मियों ने बृहस्पतिवार रात करीब 1:45 बजे कार के बारे में जानकारी जुटा ली। विवेक व नरेश ने कार का पीछा करना शुरू कर दिया। कार एयरोसिटी एनएच-8 पिकेट के पास पहुंच गई। यहां पर वसंतकुंज (नार्थ) थाने में तैनात व पिकेट ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों ने कार को रुकने का इशारा किया।
पीछा करते हुए हवलदार विवेक व नरेश ने बदमाशों की कार को रोकने की कोशिश की तो बदमाशों ने गोलियां चला दीं। जवाबी कार्रवाई में विवेक ने भी गोली चलाई। विवेक ने पिस्टल की बट से कार का शीशा तोड़ दिया, लेकिन पिस्टल अंदर गिर गई। इसके बाद बदमाश बैरिकेड को टक्कर मारते हुए फरार हो गए। कांच लगने व गिरने से विवेक व नरेश घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराकर उपचार कराया गया है। दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त मनोज सी ने बताया कि इस घटना को लेकर हवलदार विवेक ने एनएच-8 पर बदमाशों के साथ हुई मुठभेड़ की पीसीआर कॉल की। वसंतकुंज (नार्थ) थाने में बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।