हॉर्न पर नियमों की बजाई बैंड: बीच सड़क पर बस के आगे बाइक लगाकर होने लगी 'दे दनादन', ड्राइवर पर ताना तमंचा
पीड़ित बस चालक ने पुलिस को बताया कि करीब तीन चार बार हॉर्न दिए तो बाइक सवार ने अचानक से बाइक को बस के आगे लगाकर रोक दिया। इसके बाद आरोपी युवक बस में चढ़ आया और उसके साथ मारपीट करने लगा। इस बीच उसने अपने साथियों को भी फोन कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गुरुग्राम-सोहना मार्ग पर चलने वाली सिटी बस के चालक को आगे बीच सड़क में चल रहे बाइक सवार को हटाने के लिए हॉर्न बजाना महंगा पड़ गया। हॉर्न बजाने से झल्लाए बाइक सवार ने अपनी बाइक को आगे लगाकर बस को रुकवा लिया। इसके साथ ही उसने अपने साथियों को फोन करके मौके पर बुला लिया। बाइक सवार ने एसयूवी में सवार होकर आए अपने साथियों के साथ बस चालक और परिचालक से साथ बीच सड़क पर मारपीट की। पीड़ित चालक की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है।
घटना बीते रविवार की है। गुरुवार को पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज की। अलवर निवासी मुकेश कुमार ने पुलिस को बताया कि रविवार सुबह वह बस लेकर परिचालक झज्जर निवासी मोहित के साथ हुडा सिटी सेंटर से मारुति कुंज जा रहे थे। केआईआईटी कॉलेज के पास पहुंचे तो सड़क छोटी होने के कारण आगे चल रहे एक बाइक चालक को हॉर्न देकर साइड मांगी। इसके बावजूद बाइक चालक ने साइड नहीं दी।
पीड़ित ने बताया कि करीब तीन चार बार हॉर्न दिए तो बाइक सवार ने अचानक से बाइक को बस के आगे लगाकर रोक दिया। इसके बाद आरोपी युवक बस में चढ़ आया और उसके साथ मारपीट करने लगा। इस बीच उसने अपने साथियों को भी फोन कर दिया।
बस चालक ने बताया कि जब वह बस लेकर आगे निकलने लगा तभी बाइक सवार के साथी स्कॉर्पियो गाड़ी से आए और उसे बस के आगे लगा दिया। इस दौरान पीछे से एक युवक बस के अंदर आया और परिचालक मोहित के साथ मारपीट करते हुए आंख पर मुक्का मार दिया। युवक ने परिचालक के कपड़े भी फाड़ दिए।
शिकायत में बताया है कि बाइक सवार और उसके दो साथियों ने परिचालक को बस से उतारकर मारपीट की और उसकी जेब में रखे पैसे भी छीन लिए। पीड़ित बस चालक ने बताया कि उनके एक साथी के पास तमंचा था, जो उसने उसकी कनपटी पर लगा दी थी। बस चालक की शिकायत पर भोंडसी थाना पुलिस ने शस्त्र अधिनियम व अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।