#Haldiram पर मचा बवाल: आखिर सोशल मीडिया पर क्यों ट्रेंड कर रहा हल्दीराम, जानिए पैकेट पर किस भाषा में क्या है लिखा?
सुबह ही से ही हल्दीराम सोशल मीडिया पर एक वीडियो को लेकर ट्रेंड हो रहा है, लेकिन जिस बात पर पूरा बवाल मचा दरअसल वह बात ही उसके उलट निकली।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
'कौवा कान ले गया' यह कहावत सोशल मीडिया पर ट्रेंड हो रहे हल्दीराम के एक वीडियो पर एकदम सटीक बैठती है। देश में नमकीन और स्नैक्स बनाने वाला बड़ा वेजिटेरियन आउटलेट हल्दीराम बुधवार सुबह से ही सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा है।
यह सब तब हुआ जब व्रत के बाजार में लाए गए हल्दीराम के नए उत्पाद 'फलाहार मिक्सचर' के पैकेट पर लिखे डिस्क्रिप्शन की भाषा उर्दू से मिलती जुलती दिखाई दी। इसे लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि जिस उर्दू को लेकर पूरा बवाल मचाया गया पैकेट पर उस भाषा में कहीं कुछ लिखा ही नहीं है। पढ़िए क्या है पूरा मामला...
इस बात का मुद्दा तब बना जब एक समाचार चैनल की महिला रिपोर्टर ने नोएडा स्थित हल्दीराम के एक आउटलेट पर जाकर स्टोर मैनेजर से सवाल किया कि आखिर व्रत में खाए जाने वाले इस मिक्सचर के बारे में पैकेट के पीछे उर्दू में क्यों लिखा है।
हल्दी राम की स्टोर मैनेजर ने नहीं दिया रिपोर्टर को कोई जवाब
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि हल्दीराम के उस फलाहार मिक्सचर वाले पैकेट को उठाकर जब रिपोर्टर सवाल करती है तो स्टोर मैनेजर भड़क जाती है। स्टोर मैनेजर कहती है कि मैं इस पर अपनी राय क्यों दूं। आपका सवाल मुझसे है या पब्लिक से।
तब रिपोर्टर कहती है कहती है कि आप जवाब दीजिए कि व्रत में खाए जाने वाले इस पैकेट पर उर्दू में क्यों लिखा है, आप क्या छुपाना चाहते हो। इस पर स्टोर मैनेजर रिपोर्टर से कहती है कि आपको जो करना है करिए मैं इस पर कुछ नहीं बोलूंगी। स्टोर मैनेजर ने ये भी कहा कि हमारे ग्राहक हिंदी, अंग्रेजी और उर्दू जानने वाले भी हैं। तो अगर किसी की सहूलियत के लिए ऐसा है तो आपको क्या आपत्ति है। घटना के बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही हल्दीराम सोशल मीडिया पर ट्रेंड होने लगा।
वीडियो को देखकर लोगों ने दी अलग-अलग राय
सोशल मीडिया पर सुबह से ही यह वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है साथ ही टॉप ट्रेंड में भी बना रहा। इसे लेकर कुछ लोग जहां कई भाषाओं में लिखे होने का समर्थन कर रहे हैं, वहीं कुछ लोग इस पर सवाल उठा रहे हैं।
एक बड़ा वर्ग है जो हल्दीराम की स्टोर मैनेजर की बहादुरी की तारीफ भी कर रहा है कि कैसे वह रिपोर्टर के सामने बिल्कुल संयमित बनी रही। वहीं कई लोग इसके पीछे हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने की भी बात कर रहे हैं।
उर्दू नहीं अरबी में लिखी सामग्री
दरअसल जिस भाषा को लेकर इस वीडियो में बवाल किया गया है हल्दीराम के पैकेट पर उस भाषा में कुछ लिखा ही नहीं है। स्नैक्स के पैकेट पर उर्दू में नहीं बल्कि अरबी भाषा वही बात लिखी है जो उसी पैकेट पर अंग्रेजी में ठीक उसके ऊपर लिखी है। अमर उजाला ने अरबी जानने वाली एक महिला स्कॉलर से बात कर इस बात की पुष्टि की है कि स्नैक्स के पैकेट पर मिक्सचर में क्या सामग्री मिलाई गई है वही बात अरबी में लिखी है। वहीं यह बात गूगल ट्रांसलेटर से भी साबित हुई है। कंपनियों द्वारा ऐसा अक्सर अपने उत्पाद की पहुंच बढ़ाने के लिए किया जाता है।