कमरे से आई बदबू तो हुआ पति की करतूत का खुलासा, पत्नी की हत्या कर शव कंंबल में लपेटकर फरार
- कमरे से बदबू आने पर हुआ खुलासा, बाहर से लगा हुआ था ताला
- सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी के घर पर किराये पर रहती थी महिला
विस्तार
गुरुग्राम के अशोक विहार में पत्नी की हत्या कर पति ने शव को कंबल में लपेट कर फरार हो गया। कमरे से बदबू आने पर मकान मालिक सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी ने इसकी सूचना सेक्टर-5 थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे का ताला तोड़कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मूल रूप से नेपाल निवासी नैना सुनवार अशोक विहार गली नंबर-5 में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी सुखपाल के घर पहली मंजिल पर किराए पर पति के साथ रहती थी। नैना का पति भारत थापा छोटू राम चौक पर चाउमीन बर्गर की रेहड़ी लगाता है।
पिछले चार दिन से नैना के कमरे पर ताला लगा हुआ था। मंगलवार को सुखपाल जब पहली मंजिल की गैलरी में टहल रहे थे तो उन्हें काफी बदबू आई। इस पर उन्होंने कमरे में झांक कर देखा तो कंबल में कोई सोया नजर आया। इस पर उन्होंने सेक्टर-5 थाना पुलिस को इसकी सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। गले पर पट्टे का निशान बना हुआ है। पूछताछ में पता लगा कि चार दिन से नैना का पति भारत थापा भी गायब है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एक महीने पहले ही रहने आई थी
पुलिस ने बताया कि मृतक नैना गुरुग्राम पुलिस के एक लांगरी के जरिए एक महीने पहले ही यहां रहने आई थी। कमरा किराए पर लेने के करीब पांच दिन बाद भारत उसके यहां आने-जाने लगा था जिसे नैना ने अपने पति के रूप सभी से परिचित कराया था।
चार दिन से फरार है पति भारत
पुलिस ने बताया कि शव को देखकर लग रहा है कि यह करीब चार दिन पुराना है। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि दोनों पति-पत्नी में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ होगा। इसमें भारत ने नैना की पट्टे से गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस से बचने के लिए उसने शव को पलंग पर लेटाकर ऊपर कंबल डाल दिया ताकि सभी को लगे कि कोई अंदर सोया हुआ है। बाहर से ताला लगाकर वह फरार हो गया।