गुरुग्राम में एनकाउंटर: वांछित गौ तस्कर शाहिद मुठभेड़ में ढेर, नूंह क्राइम ब्रांच को मिली बड़ी सफलता
गुरुग्राम में वांछित गौ तस्कर और एटीएम मशीन उखाड़ने वाला शाहिद उर्फ आडवाणी नूंह क्राइम ब्रांच के साथ मुठभेड़ में मारा गया। यह मुठभेड़ नूंह क्राइम ब्रांच द्वारा पीछा किए जाने के बाद सोहना के सिलानी गांव के पास हुई।
विस्तार
नूंह क्राइम ब्रांच ने एक वांछित अपराधी को मुठभेड़ में मार गिराया है। अपराधी की पहचान शाहिद उर्फ आडवाणी के रूप में हुई है, जो गौ तस्करी और एटीएम मशीन उखाड़ने जैसी वारदात में शामिल था। यह एनकाउंटर सोहना के सिलानी गांव के पास हुआ।
नूह क्राइम ब्रांच की टीम आडवाणी का लगातार पीछा कर रही थी। पीछा करते हुए पुलिस दल गुरुग्राम जिले की ओर आया। सोहना के सिलानी गांव के पास पुलिस ने आडवाणी को घेर लिया। इस दौरान पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ हुई। आडवाणी पर कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। वह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।
साल 2018 में आडवाणी गुरुग्राम क्राइम ब्रांच की हिरासत से भागने में सफल रहा था। तब से विभिन्न राज्यों की पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। आडवाणी नूह जिले के तावडू स्थित खरखड़ी गांव का मूल निवासी था। पुलिस ने इस मुठभेड़ को एक बड़ी सफलता बताया है