STF की बड़ी कार्रवाई: रोहित गोदारा-गोल्डी बराड़ गैंग के शातिर गिरफ्तार, अमेरिका में वारदातों को दिया था अंजाम
स्पेशल टास्क फोर्स ने करनाल और कैथल से रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ गैंग के चार सक्रिय सदस्यों को पकड़ा है। आरोपियों से चार विदेशी पिस्टल और आठ कारतूस बरामद हुए। सभी हाल में अमेरिका से भारत लौटे थे।
विस्तार
स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने रोहित गोदारा व गोल्डी बराड़ गैंग के चार सक्रिय सदस्यों को करनाल व कैथल से गिरफ्तार किया है। इन अपराधियों से एसटीएफ ने विदेशों में निर्मित हथियार बरामद किए हैं। ये अपराधी अमेरिका में संगठित आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त थे।
एसटीएफ ने अपराधी रमन और लोकेश को 10 जनवरी को करनाल के निसिंग से गिरफ्तार किया। वहीं, बलराज उर्फ बलराम व रविंदर सिंह उर्फ रवि को 14 जनवरी को कैथल के पुंडरी से गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से चार विदेशी निर्मित हथियार (दो .30 बरेटा पिस्टल, एक जिगाना पिस्टल व एक 9 एमएम पिस्टल) और आठ कारतूस बरामद किए हैं। चारों अपराधी कैथल (हरियाणा) के मुंदड़ी गांव के रहने वाले हैं। अपराधी रमन 21 अक्तूबर 2025 को अमेरिका से फरार होकर मुंबई एयरपोर्ट पर भारत पहुंचा था। बलराज उर्फ बलराम व रविंद्र उर्फ रवि नवंबर 2025 में अमेरिका से फरार होकर भारत पहुंचे थे।
एसटीएफ यूनिट करनाल ने 10 जनवरी को आरोपी रमन और लोकेश को करनाल के निसिंग थाना क्षेत्र से उस समय गिरफ्तार किया, जब वे बुलेटप्रूफ वाहन में घूम रहे थे। उनके पास से विदेशी में निर्मित चार पिस्टल व आठ कारतूस बरामद किए गए। एसटीएफ यूनिट करनाल ने इसी मामले में वांछित अपराधी बलराज उर्फ बलराम व रविंद्र सिंह उर्फ रवि को कैथल के पुंडरी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। चारों आरोपी गैंगस्टर रोहित गोदारा व गोल्डी बराड़ गैंग के लिए काम करते हैं।
अमेरिका में वारदातों को दिया अंजाम
आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ है कि वे अमेरिका में रहते हुए संगठित आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त थे। उन्होंने 23 दिसंबर 2024 को कैलिफोर्निया (अमेरिका) के स्टॉकटन में गैंगस्टर सुनील यादव उर्फ गोलिया की हत्या में भूमिका निभाई थी। इस हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने सोशल मीडिया पर ली थी। वहीं, 18 अक्तूबर 2025 को आरोपियों ने साजिश रचकर अमेरिका में कुख्यात गैंगस्टर हैरी बॉक्सर पर फ्रेजनो, कैलिफोर्निया स्थित एआरएस ट्रक ट्रेलर रिपेयर शॉप, 5400 ब्लॉक साउथ सीडर एवेन्यू में जानलेवा हमला किया।
जबरन वसूली करते थे अपराधी
आरोपी विदेश से रोहित गोदारा व गोल्डी बराड़ गैंग के लिए जबरन वसूली के रैकेट संचालित कर रहे थे। वे हरियाणा, दिल्ली, पंजाब व राजस्थान में व्यवसायियों के घरों, कार्यालयों पर फायरिंग की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। विशेषकर उन मामलों में जहां जबरन वसूली की रकम का भुगतान नहीं किया गया।
यह मामला राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा से गंभीर रूप से जुड़ा हुआ है। प्रकरण से संबंधित घटनाक्रमों की जानकारी इंटरपोल और संयुक्त राज्य अमेरिका के सक्षम प्राधिकरणों को औपचारिक रूप से दी जाएगी। ताकि मामले में विधिक, जांचात्मक व परिचालन स्तर पर निरंतर समन्वय किया जा सके। -बी. सतीश बालन, आईजी, एसटीएफ हरियाणा
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.