Delhi-Mumbai Expressway: PM करेंगे सोहना-दौसा खंड का उद्घाटन, एक्सप्रेसवे पर रुके तो होगा चालान; जानें खासियत
एक्सप्रेसवे पर कार की रफ्तार 120 किमी प्रति घंटा तय की गई है। अगर कहीं भी तकनीकी कारणों के रुके तो चालान के रूप में खामियाजा भरना होगा। बिना तकनीकी कारण गाड़ी रोकने पर ऑटोमेटिक चालान कट जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली से जयपुर तक नए और बेहतरीन वैकल्पिक सड़क मार्ग से महज ढाई घंटे में पहुंचने का सपना अब साकार होगा। रविवार को प्रधानमंत्री देश के सबसे लंबे दिल्ली-वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे के सोहना-दौसा खंड का लोकार्पण करेंगे। हालांकि कुछ तकनीकी व्यवधानों के चलते इस पर सफर के लिए 15 फरवरी से अनुमति होगी। लेकिन इस खंड के चालू होने से दिल्ली-सहित एनसीआर के हजारों वाहन चालकों को जयपुर और उससे आगे अजमेर मध्य प्रदेश, गुजरात जाने के लिए दिल्ली-जयपुर हाईवे से इतर नया और शानदार विकल्प मिलेगा। इस एक्सप्रेसवे पर वाहन 120 की किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से फर्राटा भर सकेंगे।
इसका लोकार्पण कार्यक्रम राजस्थान के बांदीकुई जिला के धनावड़ में होगा, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर बाद सोहना-दौसा खंड पर शानदार और आरामदायक सफर की सौगात जनता को समर्पित करेंगे। इस एक्सप्रेसवे की शुरूआत सोहना के अलीपुर से हो रही है, इसलिए हरियाणा में भी लोकार्पण का कार्यक्रम तय किया गया है। अलीपुर से करीब 12 किलोमीटर आगे नूंह के हिलालपुर गांव में दोपहर 12 बजे तक मुख्यमंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय मंत्री और स्थानीय सांसद राव इंद्रजीत सिंह मौजूद रहेंगे।
दोपहर 12 बजे के बाद नितिन गडकरी मुख्य कार्यक्रम के लिए यहां से प्रस्थान करेंगे और धनावड़ पहुंचेंगे। हिलालपुर में मुख्यमंत्री मनोहर लाल और अलीपुर में केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह वर्चुअली प्रधानमंत्री के लोकार्पण कार्यक्रम से जुड़ेंगे। शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारी कार्यक्रमों की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे रहे। कार्यक्रमों की तैयारियां लगभग पूरी हो गई है, अब हजारों यात्रियों के साथ एनएचएआई के अधिकारियों को भी उस घड़ी का इंतजार है, जब प्रधानमंत्री रिमोर्ट से इसका लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित करेंगे।
दिल्ली-गुरुग्राम से जयपुर का नया विकल्प
अब हजारों वाहन चालकों को दिल्ली और गुरुग्राम से जयपुर जाने के लिए दिल्ली-जयपुर हाईवे के मुसीबतों भरे से छुटकारा मिल जाएगा। अब उन्हें दिल्ली-वडोदरा मुंबई एक्सप्रेसवे के रूप में नया और बेहतरीन विकल्प मिल जाएगा। इस एक्सप्रेसवे से दिल्ली से दौसा की दूरी 246 किलोमीटर है, जबकि गुरुग्राम से 220 किलोमीटर। जयपुर जाने के लिए दौसा से पहले ही जयपुर-आगरा हाईवे के रास्ते वाहन चालक जयपुर जा सकेंगे। दौसा खंड से जयपुर की दूरी करीब 70 किलोमीटर है। इस हाईवे पर कार की रफ्तार 120 किलोमीटर प्रतिघंटा तय की गई है। अनुमान है कि कार से जयपुर का सफर ढाई से पौने तीन घंटे में पूरा हो जाएगा, जबकि गुरुग्राम से सफर दो घंटे में ही पूरा हो जाएगा।
शादनदार सफर के लिए चुकाने होंगे 205 रुपये अधिक
अनुमान है कि इस एक्सप्रेस पर जयपुर तक के सफर के लिए वाहन चालकों को 205 रुपये अतिरिक्त चुकाने होंगे। एक्सप्रेसवे से जयपुर तक जाने के लिए करीब 180 किलोमीटर का सफर करना होगा। इस लिहजा से 2.19 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से यहां 394 रुपये टोल अदायगी करनी होगी। गुरुग्राम सोहना हाईवे से इस पर प्रवेश के समय घामडौज पर भी कार सवार को 115 रुपये टोल चुकाना पड़ता है। इस तरह यहां कुछ 509 रुपये की टोल अदायगी करनी होगी। दिल्ली-जयपुर हाइवे पर गुरुग्राम से जयपुर के बीच सफर करने के दौरान 225 किलोमीटर सफर के लिए खेड़की दौला, शाहजहांपुर, मनोहपुरा पर करीब 310 रुपये टोल अदायगी करनी पड़ती है।
यहां से कर सकेंगे प्रवेश और निकास
अलीपुर से दौसा तक आठ प्रवेश व निकास केंद्र बनाए गए हैं। पहला प्रवेश और निकास सेाहना के अलीपुर से है। इसके करीब 10 किलोमीटर आगे सोहना-पलवल रोड पर मुंबई की तरफ प्रवेश है। इससे 20 किलोमीटर आगे वेस्टर्न पेरिफल कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) प्रवेश-निकास की सुविधा है। इसके बाद 34 किलोमीटर आगे नूंह-बल्ल्भगढ़ से दौसा की ओर प्रवेश कर सकेंगे। 67 किलोमीटर पर फिरोजपुर झिरका, 145 किलोमीटर पर पिनान, अलवर और 180 किमी प्रवेश निकास है। यहीं से जयपुर-आगरा हाईवे का सफर शुरू होगा।
सफर के साथ पिकनिक का आनंद
इस पर सफर के साथ पिकनिक का आनंद ले सकते हैं। हर 50 किलोमीटर पर रेस्ट एरिया बनाए गए हैं। इनमें जरूरी सुविधाएं, मसलन, पेट्रोल पंप, मॉटेल, रेस्ट रूम के अलावा रेस्टोरेंट्स और दुकानें होंगी। बच्चों की मस्ती और मनोरंजन का पूरा बंदोबस्त यहां होगा। फन पार्क के साथ यहां झूले मिलेंगे।
रुके तो होगा चालान
इस पर कार की रफ्तार 120 किमी प्रति घंटा तय की गई है। अगर कहीं भी तकनीकी कारणों के रुके तो चालान के रूप में खामियाजा भरना होगा। बिना तकनीकी कारण गाड़ी रोकने पर ऑटोमेटिक चालान कट जाएगा। ऑनलाइन चालान कटेगा और मोबाइल पर मैसेज आएगा।
एक्सप्रेस वे के लोकार्पण की सभी तैयारियां कर ली गई है। 15 से सफर शुरू करने की कोई खास वजह नहीं है। टोल वूसली का सिस्टम अपडेट कर रहे हैं और दूसरा मुख्य कार्यक्रम इस एक्सप्रेसवे पर ही होगा। यहां बड़े पैमाने पर टैंट और दूसरी सुविधाएं जुटाई गई हैं, उन्हें हटाने में समय लगेगा। -मुदित गर्ग, परियोजना निदेशक, एनएचएआई