एनसीआर में बिजली संकट: मांग बढ़ते ही घंटों हो रही कटौती, अधिकारियों का गोल-मोल दावा; डरा रहा हफ्ते का आंकड़ा
गुरुग्राम में बिजली की मांग बढ़ गई है। जिसकी वजह से शहर में घंटों बिजली की कटौती हो रही है। इसकी वजह से एक तरफ गर्मी ने दस्तक दी है तो वहीं दूसरी तरफ बिजली से लोग परेशान हैं। गर्मी से पहले ही ओवरलोडेड फीडर की क्षमता बढ़ाई जानी चाहिए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गर्मी बढ़ते ही शहर में बिजली की मांग बढ़ गई है। ओवरलोडेड ट्रांसफार्मर फीडर खराब होने लगे हैं। नतीजतन बिजली कटौती की मार लोग झेलने को विवश है। भीषण गर्मी ने जहां तेवर दिखाना शुरू कर दिया है, वहीं बिजली भी जैसे आंख दिखा रही है। बृहस्पतिवार को इस मौसम की सबसे ज्यादा बिजली की आपूर्ति दर्ज की गई। जबकि कई इलाकों में लोगों ने बिजली कटौती की शिकायत की है।
शुक्रवार को दोपहर एक बजे तक बिजली शिकायत कक्ष में गुरुग्राम में बिजली जाने और फॉल्ट संबंधित 28 शिकायतें दर्ज की जा चुकी थीं। इसमें सेक्टर 46 सेक्टर 52, मारुति कुंज, प्रेम नगर आदि इलाकों की शिकायतें शामिल हैं। सिविल लाइंस, पटेल नगर, सेक्टर 15 जैसे पुराने शहर के अति महत्वपूर्ण अधिकारियों के आवास वाले इलाके में भी बिजली कटौती की जा रही है। सेक्टर-56 से कपिल ने बताया कि उनके इलाके में रोजाना पांच से छह घंटे बिजली जा रही है।
विनोद कपूर बताते हैं कि सेक्टर-28 में बहुत ज्यादा बिजली की कटौती हो रही है। बिजली निगम को को इस पर ध्यान देने की जरूरत है। पुराने शहर में सेक्टर चार, सात, न्यू कॉलोनी आदि में दो से तीन घंटे बिजली कटौती हो रही है। सेक्टर-102 स्थित एटीएस ट्रायंफ सोसाइटी के आरडब्लयूए अध्यक्ष नवदीप सिंह ने बताया कि उनके इलाके में मुख्य समस्या अस्थाई कनेक्शन और 11 केवीए के केबल के कारण बिजली कटौती की है। गर्मी में बिजली की मांग बढ़ने पर केबल फॉल्ट और ज्यादा होंगे।
सेक्टर-108-09 की सोसाइटियों के निवासियों का कहना कि केबल में 10-15 जोड़ पहले ही लग चुके हैं। अंडर ग्राउंड केबल बदले जाने की जरूरत है। हालांकि गर्मी शुरू होने से पहले बिजली ने इंफ्रास्ट्रक्चर को दुरुस्त करने की कोशिश की है मगर कुछ निर्णय देर से लिए गए और उसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ेगा। ओवरलोडेड फीडर को दो भागों में बांटे जाने यानी नया फीडर लगाकर पुराने को लोड उसपर हस्तांतरित किया जाना था, मगर वह कार्य जुलाई तक पूरा होगा। नए फीडर का फायदा इस समय लोगों को नहीं मिल सकेगा। लोग इस मौसम की बढ़ती गर्मी को लेकर परेशान है। बिजली कटौती कही परेशानी का कारण बन जाए।
नए गुरुग्राम यानी द्वारका एक्सप्रेसवे की सोसाइटियों में अस्थायी व्यवस्था के तहत 11 केवी के लाइन है। वहां गिनी चुनी सोसाइटियों को लोड के अनुसार बिजली मिल रही है। केबल फॉल्ट के कारण घंटों इन इलाकों में बिजली कटौती हो रही है। ज्यादातर सोसाइटियों के पास 33 केवीए के स्वीचिंग स्टेशन का लाभ नहीं है। सर्किल वन में करीब 45 सोसाइटियों में 33 केवीए स्वीचिंग स्टेशन काम शुरू ही नहीं हुआ। 20 में काम चल रहा है। केवल सात सोसाइटियों को 33 केवीए के स्वीचिंग स्टेशन यानी जरूरत के अनुसार बिजली मिल रही है।
पिछले एक हफ्ते में शहर में बिजली की आपूर्ति की स्थिति
दिनांक यूनिट लाख में
11 अप्रैल - 305.90
12 अप्रैल - 320.11
13 अप्रैल - 312.09
14 अप्रैल - 255.05
15 अप्रैल -284.65
16 अप्रैल - 316.72
17 अप्रैल - 306.11
18 अप्रैल -320.77
अधिकारियों के दावे
अधिकारियों ने कहा कि बिजली निगम के पास बिजली की कमी नहीं है। कहीं बिजली संबंधित परेशानी नहीं आएगी। गर्मी में आपूर्ति के लिए निगम के पास पर्याप्त बिजली है। सर्किल वन में 16 नए फीडर लगाए जा रहे हैं। इनमें 10 औद्योगिक क्षेत्र के हैं और नौ ग्रामीण आवासीय क्षेत्र में। ये जुलाई तक लग जाएंगे। - श्यामवीर सैनी, एसई सर्किल वन
फिलहाल 1400 मेगावाट के आस-पास बिजली की मांग चल रही है। छिटपुट छोटी मोटी शिकायतों के अलावा कोई बड़ी शिकायत अभी नहीं आई है। बिजली की किल्लत आने वाले मौसम में नहीं होगी। सर्किल टू में स्मार्ट सिटी के तहत केबल भी लगभग अंडरग्राउंड हो गए हैं। आंधी और बारिश के कारण बिजली आपूर्ति में परेशानी नहीं होगी। - पीके चौहान, एसई सर्किल टू