गुरुग्राम: आईपीएस अधिकारी कला रामचंद्रन बनीं जिले की पहली महिला पुलिस कमिश्नर, आईबी में रह चुकी हैं तैनात
आईपीएस अधिकारी कला रामचंद्रन गुरुग्राम की पहली महिला पुलिस कमिश्नर बन गई हैं। उन्होंने बताया कि लोगों की सुरक्षा और अपराध पर रोक उनकी प्राथमिकता होगी।
विस्तार
1994 बैच की आईपीएस अधिकारी कला रामचंद्रन गुरुग्राम की नई पुलिस कमिश्नर बन गई हैं। वह शहर की पहली महिला पुलिस कमिश्नर भी हैं। उन्होंने आज पदभार संभाल लिया। इस दौरान पुलिस आयुक्त ने बताया कि साइबर सिटी के लोगों को ट्रैफिक की सुगमता और उनकी सुरक्षा उनका पहला लक्ष्य होगा।
उन्होंने कहा कि इसके साथ कमिश्नरी में कारोबार का बेहतर माहौल तैयार करना, साइबर अपराध पर रोक व महिलाओं की सुरक्षा पर जोर रहेगा। जिले की नई पुलिस आयुक्त का आईपीएस में चयन तमिलनाडु कैडर में हुआ था। विवाह के बाद उन्हें हरियाणा कैडर मिला। वह रेवाड़ी, फतेहाबाद व पंचकूला की पुलिस अधीक्षक रह चुकी हैं।
आईबी में तैनात रही हैं आईपीएस अधिकारी
आईपीएस अधिकारी कला रामचंद्रन केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर रहने के दौरान इंटेलीजेंस ब्यूरो में तैनात रह चुकी हैं। इसके साथ ही उत्तरी पूर्वी पुलिस एकेडमी मेघालय में तैनात रह चुकीं हैं। वहां से आने के बाद वह मुख्यालय महिला अपराध (सीएडब्ल्यू) के पद पर तैनात रहीं। इसके साथ प्रमुख सचिव ट्रांसपोर्ट व एडीजी विजिलेंस के पद पर रह चुकी हैं। उनके पति नवदीप सिंह विर्क पुलिस आयुक्त के पद पर तैनात रह चुके हैं।
बता दें कि सरकार ने रविवार रात प्रदेश के 15 आईपीएस अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए थे। इसमें अभी तक परिवहन विभाग की प्रधान सचिव के तौर पर पदभार संभाल रही कला रामचंद्रन को गुरुग्राम पुलिस कमिश्नर की जिम्मेदारी दी गई। वहीं, गुरुग्राम पुलिस कमिश्नर का पदभार संभाल रहे केके राव को आईजी सीपीटी एंड आर भोंडसी लगाया गया है। इसके अलावा विरेंद्र कुमार को डीसीपी ईस्ट की जिम्मेदारी दी गई हैं। इस जिम्मेदारी को अभी तक संभालने वाले आइपीएस मकसूद अहमद को एसपी कैथल बनाया गया है।