{"_id":"6130c795b8caa131ab75f216","slug":"gurugram-to-up-etah-connection-of-sex-determination-racket-health-department-busted","type":"story","status":"publish","title_hn":"गुरुग्राम से यूपी तक गिरोह का कनेक्शन: स्वास्थ्य विभाग ने भ्रूण लिंग जांच गिरोह का किया पर्दाफाश","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
गुरुग्राम से यूपी तक गिरोह का कनेक्शन: स्वास्थ्य विभाग ने भ्रूण लिंग जांच गिरोह का किया पर्दाफाश
Thu, 02 Sep 2021 06:16 PM IST
पूजा त्रिपाठी
अमर उजाला नेटवर्क, गुरुग्राम
अमर उजाला नेटवर्क, गुरुग्राम
Published by: पूजा त्रिपाठी
Updated Thu, 02 Sep 2021 06:16 PM IST
सार
स्वास्थ्य विभाग को सूचना मिली थी कि सेक्टर-10 के समीर स्थित देवीलाल कॉलोनी निवासी सत्येंद्र उर्फ सोनू नामक युवक अवैध रूप से भ्रूण लिंग जांच कराता है। उक्त युवक व गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए सीएमओ डॉ. वीरेंद्र यादव के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने एक विस्तृत योजना तैयार की।
विज्ञापन
फाइल फोटो
विस्तार
गुरुग्राम स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गुरुवार को शहर में सक्रिय भ्रूण लिंग जांच गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरोह का अवैध कारोबार गुरुग्राम से लेकर यूपी के एटा तक फैला हुआ था। एटा में ही ले जाकर महिलाओं का अल्ट्रासाउंड किया जाता था। जिला स्वास्थ्य विभाग व पुलिस की टीम के साथ ही एटा स्वास्थ्य विभाग ने सुनियोजित तरीके से काम करते हुए मामले में शामिल तीन आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया है।
विज्ञापन
स्वास्थ्य विभाग को सूचना मिली थी कि सेक्टर-10 के समीर स्थित देवीलाल कॉलोनी निवासी सत्येंद्र उर्फ सोनू नामक युवक अवैध रूप से भ्रूण लिंग जांच कराता है। उक्त युवक व गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए सीएमओ डॉ. वीरेंद्र यादव के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने एक विस्तृत योजना तैयार की। योजना के मुताबिक स्वास्थ्य विभाग ने एक फर्जी महिला ग्राहक को तैयार कर उसी के माध्यम से सोनू से संपर्क किया।
विज्ञापन
तड़के तीन बजे महिला को लेकर निकला सोनू:
सोनू 35 हजार रुपये में भ्रूण लिंग जांच कराने पर राजी हो गया। महिला को सोनू ने एटा के सुनहरी नगर मोहल्ले में गुरुवार को जांच कराने की बात कही। योजना के मुताबिक आरोपी सोनू महिला को ज्योति पार्क के पास मिला और गुरुग्राम से तड़के तीन बजे अपने साथ लेकर एटा के लिए निकला। स्वास्थ्य विभाग की टीम भी उसके पीछे लग गई।
विज्ञापन
एटा के सुनहरी नगर में हुआ अल्ट्रासाउंडः
सोनू ने महिला से 35 हजार रुपये लिए और उसे लेकर एटा के अलीगंज रोड स्थित शिवाय अस्पताल पहुंचा। यहां पर डॉक्टर वीरेश बघेल से मिला और उसको 15 हजार रुपये दिए। वीरेश बघेल ने महिला के साथ अस्पताल में कार्यरत रूबी नामक लड़की को भेजा। अल्ट्रासाउंड के लिए रूबी महिला को लेकर सुनहरी नगर स्थित एक मोहल्ले में गई। यहां पर रूबी व संजीव नामक युवक ने महिला का अल्ट्रासाउंड कर गर्भ में लड़की होने की बात बताई।
महिला के बाहर आते ही दबोचाः
इसके बाद महिला जैसे ही बाहर आई, स्वास्थ्य विभाग की टीम भ्रूण लिंग जांच गिरोह में शामिल सभी आरोपियों को पकड़ने के लिए घर के अंदर गई लेकिन रूबी व संजीव अल्ट्रासाउंड मशीन लेकर भागने लगे। इसके बाद पड़ोसियों की मदद से दोनों को पकड़ लिया गया और तीनों के साथ ही एक अन्य के खिलाफ एटा सिटी कोतवाली थाने में पीएनडीटी एक्ट के तहत मामला दर्ज करा दिया गया। टीम ने मौके से अल्ट्रासाउंड मशीन व 20 हजार रुपये भी बरामद कर लिए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम में पीएनडीटी के नोडल ऑफिसर डॉ. अनिल गुप्ता, डॉ. दीपांशु, डॉ. हरीष, डॉ. उमंग समेत सीआईए के पुलिसकर्मी शामिल रहे।