फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi NCR ›   Gurugram News ›   Gurugram submerged after 75 mm of rainfall; Mahavir Chowk underpass closed.

Gurugram News: 75 एमएम बारिश में डूबा गुरुग्राम, महावीर चौक अंडरपास बंद

Tue, 25 Aug 2026 01:40 AM IST
Noida Bureau नोएडा ब्यूरो
Updated Tue, 25 Aug 2026 01:40 AM IST
विज्ञापन
Gurugram submerged after 75 mm of rainfall; Mahavir Chowk underpass closed.
जीएमडीए और नगर निगम के जल निकासी के इंतजाम फेल, कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित
विज्ञापन


अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सोमवार को हुई झमाझम बारिश ने जीएमडीए और नगर निगम के जल निकासी के इंतजामों पर सवाल उठा दिया है। गुरुग्राम तहसील में 75 एमएम बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद पुराने और नए गुरुग्राम के कई इलाकों में सड़कें झील में तब्दील हो गईं। राजीव चौक पर सोहना हाईवे की ओर बस और एंबुलेंस पानी में फंस गईं, जबकि शीतला माता रोड पर स्कूल बस फंस गई। जलभराव के कारण महावीर चौक अंडरपास को बंद कर दिया गया।
जलभराव के कारण कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा और लोगों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी। जीएमडीए और नगर निगम की ओर से बारिश से पहले नालों की सफाई और जल निकासी के अतिरिक्त इंतजाम किए जाने के बावजूद कई इलाकों में दो से तीन फीट तक पानी जमा हो गया। इससे पैदल यात्रियों के साथ वाहन चालकों को भी परेशानी हुई। सुबह करीब 10 बजे बारिश शुरू हुई और दोपहर 12 से एक बजे के बीच तेज बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई।
विज्ञापन



राजीव चौक पर बस और एंबुलेंस फंसी
राजीव चौक पर गुरुग्राम-सोहना हाईवे की सर्विस रोड पर पानी भरने से सड़क तालाब में तब्दील हो गई। यहां बस और एंबुलेंस फंस गईं। इसके चलते वाहनों की लंबी कतार लग गई। सुभाष चौक पर सदर थाने की ओर जाने वाली सर्विस रोड पर करीब तीन फीट पानी जमा होने से वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी हुई। अतुल कटारिया चौक के पास शीतला माता रोड पर स्कूल बस पानी में फंस गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने बस में सवार बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। समाजसेवी नवीन गोयल, अमरीक राठी और गजेंद्र गुप्ता ने सेक्टर 12 चौक पर यातायात संभाला। इसके बाद शीतला माता रोड पर पहुंचे और लोगों की मदद की।
विज्ञापन
विज्ञापन



गोल्फ कोर्स रोड पर दो से तीन फीट पानी
गोल्फ कोर्स रोड पर भी जल निकासी की व्यवस्था प्रभावित नजर आई। कई स्थानों पर दो से तीन फीट तक पानी जमा होने से सोसाइटियों से बाहर निकलने वाले लोगों को परेशानी हुई। करोड़ों रुपये के फ्लैटों में रहने वाले लोगों को जलभराव से जूझना पड़ा। रैपिड मेट्रो स्टेशन के नीचे भी जलभराव रहा। सोहना हाईवे के कुछ हिस्सों में भी पानी भर गया।


बस स्टैंड में भी हालात खराब, यात्री रहे परेशान
बारिश के बाद गुरुग्राम बस स्टैंड में पानी भर गया। जलभराव के कारण रोडवेज और निजी बस संचालकों को डिपो के बाहर से यात्रियों को बैठाना पड़ा। महावीर चौक पर पानी जमा होने से एमजी रोड की ओर से आने वाले वाहनों को जाम का सामना करना पड़ा। जलभराव के कारण महावीर चौक अंडरपास को बंद कर दिया गया। बसई रोड, सोहना, सेक्टर-10 अस्पताल के सामने और सेक्टर-4 रेलवे रोड पर भी काफी पानी जमा हुआ। बसई रोड के दुकानों और औद्योगिक क्षेत्र, दौलताबाद और राजेंद्र पार्क में जगह-जगह जलभराव रहा। सेक्टर-10 अस्पताल के गेट के पास पानी जमा होने से मरीजों और उनके परिजनों को आवाजाही में परेशानी हुई।


जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने दी वर्क फ्रॉम होम की सलाह
भारी बारिश के बाद जलभराव और यातायात जाम की आशंका को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने 25 अगस्त को वर्क फ्रॉम होम की सलाह दी है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं उपायुक्त उत्तम सिंह ने जिले के कॉरपोरेट कार्यालयों, सरकारी और निजी स्कूलों व संस्थानों को कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए मार्गदर्शन करने की सलाह दी है। प्रशासन के अनुसार इससे सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होगा और जलभराव वाले क्षेत्रों में सड़कों व ड्रेनों की सफाई एवं मरम्मत का काम भी सुचारू रूप से किया जा सकेगा।


निगम अधिकारियों ने जलभराव संभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण
भारी बारिश के दौरान जलभराव और यातायात की स्थिति का जायजा लेने के लिए नगर निगम गुरुग्राम के वरिष्ठ अधिकारी सोमवार को फील्ड में उतरे। निगमायुक्त प्रदीप दहिया और अतिरिक्त निगमायुक्त यश जालुका ने जीएमडीए, एनएचएआई और नगर निगम के अधिकारियों के साथ शहर के जलभराव संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पानी में भीगते हुए शहर का दौरा किया। टीम ने झाड़सा चौक, राजीव चौक, मेदांता अंडरपास, ताऊ देवीलाल स्टेडियम, सोहना रोड और एरिया मॉल समेत विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed