Gurugram AQI: दिवाली का जश्न... गुरुग्राम का निकला दम, आज एक्यूआई पहुंचा 469; पीएम-2.5 भी बढ़ा
Gurugram Pollution Level Today: दिवाली के अगले दिन यानी आज मंगलवार को शहर की हवा में प्रदूषण का स्तर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। गुरुग्राम का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 469 दर्ज किया गया, जो अत्यंत गंभीर श्रेणी में बना हुआ है।
विस्तार
दिल्ली के साथ ही गुरुग्राम में भी दिवाली के अगले दिन यानी आज हवा में प्रदूषण का स्तर खतरनाक स्थिति में पहुंचा हुआ है। शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 469 दर्ज किया गया, जो कि अत्यंत गंभीर श्रेणी में है। वायु में सूक्ष्म कण पीएम2.5 और पीएम10 की मात्रा सामान्य सीमा से कई गुना अधिक रही।
दिवाली की रात जमकर हुई आतिशबाजी के बाद सड़कों पर बिखरे पटाखों के अवशेष और हवा में फैले धुएं ने शहर को घनी धुंध की चादर में लपेट लिया। आसमान में फैली धुंधली परत ने त्योहार की चमक के साथ प्रदूषण की चिंता भी बढ़ा दी है।
दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में प्रदूषण का हाल
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, मंगलवार सुबह 8 बजे तक दिल्ली का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक 350 दर्ज किया गया। सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में बवाना, जहां एक्यूआई 423 था, जहांगीरपुरी में एक्यूआई 407 और वजीरपुर में एक्यूआई 408 शामिल रहा। इन क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता 'गंभीर' श्रेणी में रहा, जो अत्यंत हानिकारक है।
0-50: अच्छा
51-100: संतोषजनक
101-200: मध्यम
201-300: खराब
301-400: बहुत खराब
401-500: गंभीर