बीटेक छात्रा ने दी जान: आधी रात दोस्त की बर्थडे पार्टी से क्यों लौटी भूमिका?, हॉस्टल में फंदे से लटका मिला शव
गुरुग्राम में एक यूनिवर्सिटी की बीटेक छात्रा भूमिका ने हॉस्टल के रूम में फंदा लगा कर जान दे दी। बिलासपुर थाने के जांच अधिकारी बिजेंद्र ने बताया कि भूमिका एक फ्रेंड की बर्थडे पार्टी में गई थी। लेकिन पार्टी खत्म होने से पहले करीब 12 बजे अपने रूम पर लौट आई।
विस्तार
मृतका छात्रा की पहचान राजस्थान के अलवर निवासी भूमिका (19 वर्ष) के रूप के हुई है। बताया जा रहा है कि सोमवार की रात को वह अपनी एक दोस्त की बर्थडे पार्टी में शामिल हुई थी। बीच में ही कमरे पर आकर उसने फंदा लगा लिया। जब उस कमरे में रहने वाली दूसरी छात्रा वापस आई और उसने दरवाजा खटखटाया तो भूमिका ने दरवाजा नहीं खोला।
काफी देर इंतजार करने के बाद दरवाजा नहीं खोला तो हॉस्टल वार्डन को जानकारी दी गई और मेंटिनेंस वालों को बुलाकर दरवाजा खुलवाया गया। इसके बाद करीब सुबह 3.30 बजे परिवार वालों को कॉल की गई। वहीं, सुबह 4 बजे बिलासपुर थाने की पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बिलासपुर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। मंगलवार की दोपहर छात्रा के परिवार वाले गुरुग्राम पहुंचे। परिवार वालों ने बोर्ड गठित करके पोस्टमार्टम करवाने की मांग की है।
पार्टी को बीच में छोड़कर आई
बिलासपुर थाने के जांच अधिकारी बिजेंद्र ने बताया कि सोमवार रात हॉस्टल में थर्ड ईयर की छात्रा भूमिका की एक फ्रेंड का बर्थडे था। 10 बजे वह अपनी रूम पार्टनर के साथ बर्थडे सेलिब्रेट करने गई थी। भूमिका बर्थडे पार्टी खत्म होने से पहले करीब 12 बजे अपने रूम पर लौट आई।
रूम अंदर से लॉक मिला
पुलिस ने आगे बताया कि रात डेढ़ बजे बर्थडे पार्टी में रिबन की जरूरत पड़ गई। कॉलेज की गिफ्ट शॉप में रिबन नहीं मिला तो भूमिका की रूम पार्टनर अपने रूम पर रिबन लेने के लिए गई, लेकिन रूम अंदर से लॉक मिला। काफी देर तक भी दरवाजा नहीं खोला गया तो रूम पार्टनर ने इसकी जानकारी हॉस्टल वॉर्डन को दी।
कुंडे पर फंदे से लटकी मिली
हॉस्टल वार्डन ने प्लम्बर को मौके पर बुलाया और किसी तरह दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर प्रवेश किया। अंदर भूमिका दीवार पर लगे कुंडे से फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिली। सूचना मिलते ही हॉस्टल की अन्य छात्राएं भी वहां पहुंच गईं, जिसके बाद पुलिस को इस घटना की जानकारी दी गई।
पुलिस को 4 बजे सूचना मिली
जांच अधिकारी ने बताया कि सुबह करीब 4 बजे पुलिस को छात्रा के सुसाइड करने की सूचना मिली। जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतरवाया। साथ ही भूमिका के पेरेंट्स को भी कॉल किया गया। अभी सुसाइड के कारण नहीं पता चल पाए हैं। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पार्टी में बिल्कुल ठीक थी
भूमिका की रूम पार्टनर ने कहा कि रात को बर्थडे पार्टी में वह बिल्कुल ठीक थी। वह नॉर्मल बिहेव कर रही थी। पार्टी में ऐसा कुछ भी नहीं हुआ, जिस कारण भूमिका कमरे पर जाकर सुसाइड करे।