पांचवीं मंजिल से गिरकर युवती की मौत: मानसिक तनाव को मौत की वजह मान रहा परिवार; मोबाइल फोन खोलेगा राज!
गाजियाबाद के वैशाली सेक्टर-4 में युवती की पांचवीं मंजिल से गिरकर जान चली गई। युवती ऑनलाइन पैकजिंग कंपनी में काम करती थी। मानसिक तनाव की बात कही जा रही है।
विस्तार
गाजियाबाद के वैशाली सेक्टर-चार स्थित पांच मंजिला इमारत से गिरकर युवती की मौत हो गई। हादसा 28 फरवरी की शाम करीब तीन बजे हुआ। युवती की पहचान क्षेत्र में ही स्थित कामना अपार्टमेंट निवासी गायत्री अहिरवाल (19) के तौर पर हुई है। जिस बिल्डिंग में हादसा हुआ, उसमें ही संचालित ऑनलाइन पैकजिंग कंपनी के कार्यालय में युवती कार्यरत थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। युवती के मानसिक तनाव में होने की बात सामने आई है।
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि शाम करीब तीन बजे डायल 112 पर युवती के पांचवीं मंजिल से कूदने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवती को तुरंत पास के ही निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बताया कि युवती मूलरूप से मध्य प्रदेश के दमोह जिला स्थित पथरिया तहसील के लोहारा गांव की रहने वाली थी। कई वर्षों से परिवार के साथ यहां रह रही थी। बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
युवती के मोबाइल फोन की जांच भी की जा रही है। एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि शुरुआती बातचीत में परिजनों ने युवती के मानसिक तनाव में होने की बात कही है। हालांकि अभी तक परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। लिखित शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।