Ghaziabad: कुत्तों को खाना खिला रही महिला को जबरन गाड़ी में बैठाने की कोशिश, शोर मचा तो कुत्ते को रौंदकर भागा
एसीपी नंदग्राम का कहना है कि मामले में छेड़छाड़ और पशु क्रूरता की धारा में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोप की तलाश की जा रही है।
विस्तार
राजनगर एक्सटेंशन में कुत्तों को खाना खिला रही महिला के साथ कार सवार एक व्यक्ति ने छेड़छाड़ करने और कार में जबरन खींचने के प्रयास का मामला सामने आया है। इतना ही नहीं विरोध करने पर कार चालक कार लेकर भागने लगा और कुत्ते को कुचलते हुए फरार हो गया। इससे कुत्ता गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में उन्होंने कार चालक के खिलाफ नंदग्राम थाने में केस दर्ज कराया है।
राजनगर एक्सटेंशन की एक सोसायटी निवासी महिला का कहना है कि वह अपने पति के साथ गुरुवार शाम बीवीआईपी सोसायटी के पास कुत्तों को खाना खिला रही थी। इसी दौरान पति पास में ही किसी काम से चले गए।
इसी बीच एक कार उनके पास आकर रुकी और कार सवार उनके साथ छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर कार सवार गाली-गलौज करने लगा और कार में खींचने लगा। शोर सुनकर पति व अन्य लोगों को आता देख आरोपी कार लेकर भागने लगा जो एक कुत्ते को रौंदता हुआ फरार हो गया।
मामले की सूचना उन्होंने पुलिस को दी और कुत्ते को अस्पताल ले जाकर उपचार कराया। एसीपी नंदग्राम का कहना है कि मामले में छेड़छाड़ और पशु क्रूरता की धारा में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोप की तलाश की जा रही है।