दो किशोरियों को ले भागे युवक: गाजियाबाद में पीड़ित मां ने पुलिस से लगाई गुहार, बोलीं- रात दो बजे घर से ले गए
वेव सिटी में पड़ोसी नितिन और प्रिंस दो किशोरियों को जबरदस्ती ले गए। मां की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज होने के बाद, आरोपी उन्हें काजीपुरा पुलिस चौकी पर छोड़कर फरार हो गए।
विस्तार
यूपी के गाजियाबाद जिले के वेव सिटी थाना क्षेत्र के एक गांव में दो किशोरियों को रात के समय जबरदस्ती घर से ले जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
वेव सिटी के गांव निवासी पीड़ित मां ने पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 14 सितंबर की रात करीब 2 बजे उनके ही गांव के पड़ोसी दो युवक नितिन और प्रिंस उनकी दो नाबालिग बेटियों को घर से ले गए।
घटना का पता चलते ही पीड़ित माता-पिता वेव सिटी थाने पहुंचे और मामले की लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और दोनों बच्चियों की तलाश शुरू कर दी। इस दौरान आरोपी युवकों के रिश्तेदारों से पूछताछ की गई तथा लड़कियों व आरोपियों के मोबाइल फोन को सर्विलांस पर डालकर ट्रेसिंग की गई।
पुलिस की बढ़ती जांच और आरोपियों के परिजनों से संपर्क होने के बाद, जब युवकों को शिकायत दर्ज होने की जानकारी मिली, तो वे दोनों बहनों को काजीपुरा पुलिस चौकी पर छोड़कर चले गए। पीड़ित मां ने पुलिस प्रशासन से दोनों नामजद आरोपियों नितिन और प्रिंस के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने इस मामले में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है और जांच जारी है।
एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि पीड़ित मां की शिकायत के आधार पर आरोपी नितिन व प्रिन्स निवासीगण वेव सिटी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, किशोरियों का मोबाइल ट्रेसिंग पर लगाया गया है, सीसीटीवी फुटेज चेक की जा रही हैं। एसीपी ने बताया कि दोनों किशोरियों को आरोपियों ने काजीपुरा पुलिस चौकी पर छोड़कर दोनों युवक मौके से फरार हो गये है। पुलिस दोनों किशोरियों के मेडिकल परीक्षण करा रही है और उनके बयान ले रही है।