{"_id":"5f2952248ebc3e9f684176a4","slug":"today-shrirams-cheer-will-echo-in-the-citydiwali-will-be-celebrated171","type":"story","status":"publish","title_hn":"आज शहर में गूँजेंगी श्रीराम की जयकार, मनेगी दीवाली","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
आज शहर में गूँजेंगी श्रीराम की जयकार, मनेगी दीवाली
विज्ञापन
माई सिटी रिपोर्टर गाजियाबाद। अयोध्या में पांच अगस्त बुधवार को राम मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों होना है। इसको लेकर अब नगर में हर ओर आस्था, समर्पण और भक्ति का भाव दिखाई दे रहा है। इस विशेष दिन पर नगर में भी उत्सव सा माहौल रहेगा। लोग अपने घरों में दीये जलाएंगे। दीपावली जैसा जश्न मनाए जाने की तैयारी की जा रही है। मंगलवार से ही इसको लेकर आयोजन शुरू हो गए। सरस्वती शिशु मंदिर नेहरू नगर के सभी बच्चों और स्टाफ में भी दिये जलाने का संकल्प लिया था। पंडित शिवकुमार सहमा ने बताया कि हम सभी अपने अपने घरों या जहां रहेंगे वहां दिये जलाएंगे। .................. दूधेश्वरनाथ मंदिर में जगमगाएंगे 5100 दीप :— राम जन्म भूमि शिलान्यास के अवसर पर महन्त गौरी गिरि श्रीदूधेश्वर नाथ महादेव मठ मन्दिर समिति ने बैठक कर निर्णय लिया था कि पांच अगस्त को श्रीराम मंदिर का भूमि पूजन होने जा रहा है उस दिन को विशेष बनाना है। इस अवसर पर महन्त नारायण गिरि महाराज दूधेश्वर पीठाधीश्वर ने बताया कि श्रीराम मंदिर शिलान्यास के अवसर पर श्रीदूधेश्वरनाथ मंदिर मे पांच अगस्त को 5100 दीपक जलाये जायेंगे। मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने नगरवासियों से आहवान किया कि जिस प्रकार दीपावली मनाते हैं उसी तरह दीए जलाकर पांच अगस्त को अपने घर को भी दीपक की रोशनी से जगमग करें। इस महान पर्व पर दूधेश्वरनाथ मन्दिर को रंग बिरंगी लाइटों से सजाया जाएगा एवं साथ देशी घी के 5100 दीपक जलाकर सजाया जायेगा। ...... विश्व मंगलमय दिवस के रूप में मनाया जाएगा पांच अगस्त :— विश्व ब्राह्मण संघ व हनुमान मंगलमय परिवार ने 5 अगस्त 2020 का दिन विश्व मंगलमय दिवस के रुप में मनाने का निर्णय लिया है। सामाजिक संस्थाओं से जुड़े बीके शर्मा हनुमान ने मंगलवार को श्रीसनातन धर्म शिव हनुमान मंदिर समिति के पदाधिकारियों के साथ हवन यज्ञ कर 1008 आहुति दी है। बीके शर्मा ने कहा कि 4,5 अगस्त को अयोध्या में दीप जलाए जाएंगे और रामलला का ऐतिहासिक भव्य स्वागत किया जाएगा। इस मौके पर वे मंदिर प्रांगण और अन्य स्थानों पर दीप जलाएंगे। मंगलवार को हवन—यज्ञ के अवसर पर डा.डी.पी. नागर, बबलू राघव, आशित त्यागी, अमित रंजन, संजय कौशिक, सीताराम, अनुराग त्यागी, रामस्वरूप शर्मा, जितेंद्र मिश्रा, विचित्र आदि मौजूद थे। ................... दीपों से रोशन होगी क्रॉसिंग की हर सोसाइटी -- नगर की सोसाइटी में भी दीपों से घरों की बालकॉनी केा रोशन करने की तैयारियां चल रही हैं। क्रासिंग रिपब्लिक की सभी सोसायटी में लोग अपने—अपने घरों की बालकॉनी में दीप जलाकर रोशनी करेंगे। स्काईटेक फेज-2 सोसायटी के निवासी अनुरंजन श्रीवास्तव ने बताया कि सभी सोसाइटी के सभी लोग अपने—अपने घरों की बालकॉनियों में शाम सात बजे दीप जलाकर दीपावली मनाएंगे। यह हमारी पीढ़ी के लिए महान गौरव का क्षण है कि हम उस राममंदिर निर्माण के साक्षी बन रहे हैं जिसकी आशा लिए 5 सौ वर्षों में लाखों लोगों ने स्वयं की आहुति दे दी। --–-------- गुलमोहर में राम मंदिर शिलान्यास की खुशी में होगा हवन व प्रसाद वितरण----- राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एन्क्लेव परिसर में राम मंदिर शिलान्यास के अवसर पर हवन व प्रसाद वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम की जानकारी श्री शिव बालाजी न्यास ट्रस्ट के संस्थापक मनवीर चौधरी ने दी है। बुधवार की प्रातः 11 बजे गुलमोहर एन्क्लेव स्थित श्री बालाजी धाम मन्दिर के प्रांगण में हवन का आयोजन किया जाएगा। हवन में सोशल डिस्टेंसिंग के साथ पांच-पांच लोग हवन कुंड में आहुति देंगे। हवन के बाद दोपहर 12 बजे मन्दिर प्राँगण में खीर-पूरी का प्रसाद वितरण भी किया जाएगा। इस शुभ अवसर पर ट्रस्ट के संस्थापक मनवीर चौधरी ने एन्क्लेव के सभी लोगों से अपने अपने घरों पर घी के ग्यारह-ग्यारह दीपक जलाने की अपील भी की है। राम मंदिर को लेकर मनवीर चौधरी ने कहा कि लगभग 500 साल से मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के मंदिर का निर्माण लटका हुआ था जो अब सम्पन्न होने जा रहा है। आरडब्ल्यूए के मीडिया प्रभारी गौरव बंसल ने बताया कि 5 अगस्त को पूरा गुलमोहर दीवाली की तरह जगमगायेगा। ------
विज्ञापन