{"_id":"6af623edd098a5c78307a8c8","slug":"the-four-day-chhath-festival-begins-today-with-nahay-khay-ghaziabad-news-c-30-gbd1036-1020815-2026-11-13","type":"story","status":"publish","title_hn":"Ghaziabad News: नहाय-खाय के साथ आज से चार दिवसीय छठ महापर्व शुरू","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Ghaziabad News: नहाय-खाय के साथ आज से चार दिवसीय छठ महापर्व शुरू
विज्ञापन
विज्ञापन
गाजियाबाद। सूर्य की पूजा का महापर्व छठ का चार दिवसीय महोत्सव शुक्रवार से शुरू हो रहा है। नहाय खाय के साथ ही खरीदारी की शुरुआत होगी। शनिवार को खरना के साथ ही 36 घंटे का निर्जला व्रत किया जाएगा। छठ पूजा के लिए सभी सोसायटी और सार्वजनिक स्थलों पर तैयारियां तेज हो गई हैं। हिंडन नदी के किनारे, साहिबाबाद, खोड़ा, लोनी, राजनगर एक्सटेंशन, क्रॉसिंग रिपब्लिक, विजयनगर, गोविंदपुरम, मुरादनगर, मोदीनगर , नंदग्राम सहित कई स्थानों पर छठ पूजा की तैयारियां हो रही हैं। सोसायटी के स्विमिंग पुल भी साफ कराए जा रहे हैं।
राजनगर एक्सटेंशन में 13वें सामूहिक छठ पर्व के लिए घाट तैयार किए गए हैं। घाट पर पूजन स्थल की साफ-सफाई कर छठ माता की वेदी का रंग-रोगन किया। स्थानीय तालाबों और झील की साफ-सफाई कर पानी भरा गया है। सोसायटीज में भी स्विमिंग पुल और तालाबों को साफ करके सजाया गया है। शुक्रवार को छठ व्रत के लिए सामानों की खरीदारी की जाएगी और शनिवार को खरना के बाद व्रत शुरू होगा। रविवार को डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा और सोमवार की सुबह उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का परायण होगा। हिंडन नदी में प्रदूषण को देखते हुए अधिकतर लोग सोसायटीज के स्विमिंग पुल में या फिर छतों पर अस्थाई घाट बनाकर पूजन करने लगे हैं। राजनगर एक्सटेंशन संकल्प सिद्धि फाउंडेशन के अध्यक्ष राजीव झा ने बताया कि अस्थाई घाट तैयार किया गया है जिसमें सभी के सहयोग से छठ पूजा की तैयारियां चल रही हैं। व्रतियों की सुविधा के लिए सभी व्यवस्थाएं भी की गई हैं। निलाया ग्रीन्स सोसायटी के भी स्विमिंग पुल में छठ पूजा की जाएगी। इसके अलावा प्रतापविहार सेक्टर-12 स्थित शास्त्री पार्क में पूर्वांचल युवा सहयोग समिति छठ पूजा की तैयारियां कर रही है। ब्यूरो
विज्ञापन