सूर्या हत्याकांड: शव घर पहुंचा, मां बोलीं- एनकाउंटर न होने तक नहीं होने देंगे अंतिम संस्कार, क्षेत्र में तनाव
पोस्टमार्टम के बाद सूर्या चौहान का शव घर पहुंच गया है। मौके पर मौजूद हिंदू संगठन व राजनीतिक लोगों ने भी हत्यारोपियों के एनकाउंटर की मांग की है। वारदात सामने आने के बाद से क्षेत्र में लगातार तनाव का माहौल बना हुआ है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के खोड़ा थाना क्षेत्र के नवनीत विहार कॉलोनी गली नंबर-एक में रहने वाले सूर्या (17) का शव पोस्टमार्टम के बाद शनिवार को दोपहर करीब 1:30 बजे घर पहुंचा। शव के पहुंचते ही बड़ी संख्या में लोग इलाके में एकत्र हो गए। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के एनकाउंटर की मांग की है। सूर्या की मां सरोज ठाकुर ने बताया जितने भी आरोपी थे, उन सभी को क्षेत्र में ही एनकाउंटर में मार गिराना होगा। अगर पुलिस यह कार्रवाई नहीं करती है, तब तक शव को घर के सामने से नहीं उठने देंगे। वहीं मौके पर मौजूद हिंदू संगठन व राजनीतिक लोगों ने भी एनकाउंटर की मांग की है।
क्षेत्र में भारी तनाव, फोर्स तैनात
हत्या की वारदात सामने आने के बाद से क्षेत्र में लगातार तनाव का माहौल बना हुआ है। शुक्रवार से ही यहां पुलिस बल तैनात है, वहीं शनिवार को भी पुलिस ने नवनीत विहार की तरफ आने वाली गली में बेरिकेडिंग कर कई थानों के फोर्स को पूरे इलाके में तैनात किया है। मौके पर डीसीपी ट्रांस हिंडन धवल जायसवाल, एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना और एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारी मौजूद हैं।
यह है मामला
ईद के त्योहार पर खोड़ा थाना क्षेत्र की नवनीत विहार कॉलोनी में 11वीं कक्षा के छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि हमला सूर्या के दोस्त असद और उसके साथियों ने किया। सूर्या को पहले पेट में चाकू मारा गया। इसके बाद वह चाकू लगे हालत में करीब 200 मीटर तक जान बचाने के लिए भागा। आरोपियों ने पीछा कर उसे गिरा दिया और पेट से चाकू निकालकर दोबारा कई बार वार किए। उपचार के दौरान शुक्रवार को सूर्या ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मृतक के भाई यश चौहान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका परिवार मूलरूप से एटा के सुखवाबाद का रहने वाला है और खोड़ा में मां, बहन और भाई सूर्या के साथ रहता है। पिता कौशलेंद्र का पहले ही निधन हो चुका है। सूर्या 11वीं का छात्र था।
बृहस्पतिवार को सूर्या अपने दो दोस्तों विक्की और आयुष के साथ घर के पास घूम रहा था। उसी दौरान असद ने सूर्या को फोन कर बकरीद पर मिलने के लिए गली नंबर दो में बुलाया। सूर्या अपने दोस्तों के साथ असद के घर की ओर चल दिया।
असद बोला- बकरा हलाल होते देखा है
शिकायत के अनुसार असद अपने साथियों के साथ केले के गोदाम के पास खड़ा था। उसने सूर्या से कहा कि कभी बकरा हलाल होते देखा है। सूर्या ने मना किया तो असद ने कहा कि आओ आज तुम्हें दिखाते हैं। सूर्या ने फिर इन्कार किया और वहां से लौटने लगा। इसी बात पर असद ने गाली-गलौज शुरू कर दी और सूर्या के विरोध करने पर चाकू निकालकर उसके पेट में घोंप दिया।
चाकू लगने के बाद सूर्या ने असद को धक्का देकर छुड़ाया, लेकिन चाकू पेट में ही फंसा रह गया। वह पेट में चाकू लेकर करीब 200 मीटर तक भागा और फिर गिर पड़ा। आरोप है कि पीछा करते हुए आए असद और उसके साथियों ने सूर्या के पेट से चाकू निकालकर उस पर पांच-छह बार फिर हमला किया। सूर्या बेसुध हो गया और आरोपी मौके से भाग गए।
घटना की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और सूर्या को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उसे नोएडा के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे सूर्या ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस कार्रवाई और विरोध
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि भाई यश की तहरीर पर बृहस्पतिवार रात असद समेत अन्य के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया गया था। सूर्या की मौत के बाद धाराओं को हत्या में तरमीम कर दिया गया है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, लेकिन मुख्य आरोपी असद अभी गिरफ्त से बाहर है।
घटना के बाद हिंदू संगठनों के पदाधिकारी भी खोड़ा थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मायावती ने घटना पर जताया दुख
बसपा प्रमुख और यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने एक्स पर लिखा, 'यूपी के जिला गाजियाबाद में खोड़ा के एक नौजवान युवक सूर्या चौहान की हुई हत्या की घटना अति दुखद व चिंताजनक। इस प्रकार की आए दिन हो रही घटनाओं की रोकथाम के लिए शासन व प्रशासन को सही कदम उठाने की जरूरत है। साथ ही इस घटना में शामिल अपराधियों की पहचान करके उन्हें कानूनी सजा जरूर दी जाए। इसके साथ ही चुनाव का समय जैसे-जैसे नजदीक आता जाएगा ऐसी घटनाओं के व्यापक दुष्परिणाम होंगे। अतः सरकार पूरी तरह सतर्क रहे।'
हत्यारा कोई भी हो उसे छोड़ा नहीं जाएगा: केशव मौर्य
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, 'हत्यारा कोई भी हो उसे छोड़ा नहीं जाएगा। उसे खोज निकाला जाएगा। हत्या करने वालों को फांसी पर चढ़ाने के लिए जो कार्रवाई होती है वो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सरकार कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर है। जिन लोगों ने ऐसा अपराध किया है उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।'