ईद पर बुलाकर दोस्त का कत्ल: असद वार करता रहा, पेट में घुसे चाकू संग 200 मीटर भागा छात्र; आयुष के बड़े खुलासे
ईद पर दोस्त असद ने छात्र सूर्या को बुलाया। बकरा हलाल देखने से मना करने पर असद ने चाकू से उसकी हत्या कर दी। चश्मदीद आयुष ने बताया, सूर्या ने गले मिलकर असद को ईद की बधाई दी थी। इसके बाद असद ने दोस्त सूर्या के पेट में चाकू घोंप दिया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक छात्र सूर्या की हत्या उसके ही दोस्त असद ने कर दी। असद ने ईद के पर्व पर सूर्या को अपने घर बुलाया था। रास्ते में उसने सूर्या से कहा कि कभी बकरा हलाल होते देखा है। सूर्या ने मना किया तो असद ने कहा कि आओ आज तुम्हें दिखाते हैं। सूर्या ने फिर इनकार किया और वहां से लौटने लगा। इसी बात पर असद ने गाली-गलौज शुरू कर दी और सूर्या के विरोध करने पर चाकू निकालकर उसके पेट में घोंप दिया। हादसे के चश्मदीद आयुष ने मामले को लेकर कई खुलासे किए हैं।
आयुष ने बताया कि जब वह और विक्की, सूर्या को बचाने के लिए आगे बढ़े तो असद ने चाकू दिखाकर हत्या की धमकी दी। वह डर गए। उन्होंने कई बार असद को दोस्ती का वास्ता दिया, लेकिन वह नहीं माना और एक के बाद एक चाकू मारता रहा। असद के भागने के बाद उन्होंने अपनी शर्ट से सूर्या के पेट पर बांधकर खून रोकने का प्रयास किया। सूर्या के भाई को सूचना दी तो वह एक ई रिक्शा से अस्पताल लेकर गए।
वारदात के बाद गली नंबर एक व दो में सन्नाटा
नवनीत विहार गली नंबर एक और दो में मिश्रित आबादी रहती है। यहां दोनों ही धर्मों के लोगों के मकान और कारोबार हैं। वारदात के बाद गली नंबर एक व दो में सन्नाटा है। तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
मकान मालिक ने बताई यह बात
मकान मालिक विनीत ने बताया कि सूर्या और असद झगड़े के बाद से एक साथ रहने लगे थे। पहले असद उन्हीं की गली में रहता था, लेकिन उसका परिवार मकान बेचकर थोड़ी दूर गली में रहने लगा था। आठ माह पहले विवाद के बाद दोनों की ओर से मामला पूरी तरह निपट गया था। असद अक्सर उन्हीं की गली के आसपास दोस्तों के साथ घूमता रहता था।
अस्पताल पर आरोप- 24 घंटे में बना दिया 4 लाख का बिल
नोएडा स्थित निजी अस्पताल में करीब 24 घंटे तक सूर्या रहा और इस दौरान करीब चार लाख रुपये का बिल हुआ। अस्पताल प्रबंधन ने सूर्या के शव को देने से पहले चार लाख रुपये मांगे थे। हालांकि पुलिस ने बात करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
'बकरा हलाल करने के लिए सूर्या को ले जाना चाहता था'
चश्मदीद आयुष ने बताया, सूर्या ने गले मिलकर असद को ईद की बधाई दी थी। इसके बाद असद ने दोस्त सूर्या के पेट में चाकू घोंप दिया। इससे पहले असद अपने साथ सूर्या को बकरा हलाल करने के लिए घर ले जाना चाहता था, लेकिन उसने इन्कार कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और असद ने सूर्या को गली में सुनसान स्थान पर ले जाकर वारदात की।
यह है मामला
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में ईद के त्योहार पर खोड़ा थाना क्षेत्र की नवनीत विहार कॉलोनी में 11वीं कक्षा के छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि हमला सूर्या के दोस्त असद और उसके साथियों ने किया। सूर्या को पहले पेट में चाकू मारा गया। इसके बाद वह चाकू लगे हालत में करीब 200 मीटर तक जान बचाने के लिए भागा।
आरोपियों ने पीछा कर उसे गिरा दिया और पेट से चाकू निकालकर दोबारा कई बार वार किए। उपचार के दौरान शुक्रवार को सूर्या ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मृतक के भाई यश चौहान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका परिवार मूलरूप से एटा के सुखवाबाद का रहने वाला है और खोड़ा में मां, बहन और भाई सूर्या के साथ रहता है। पिता कौशलेंद्र का पहले ही निधन हो चुका है। सूर्या 11वीं का छात्र था।
बृहस्पतिवार को सूर्या अपने दो दोस्तों विक्की और आयुष के साथ घर के पास घूम रहा था। उसी दौरान असद ने सूर्या को फोन कर बकरीद पर मिलने के लिए गली नंबर दो में बुलाया। सूर्या अपने दोस्तों के साथ असद के घर की ओर चल दिया।
पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि भाई यश की तहरीर पर बृहस्पतिवार रात असद समेत अन्य के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया गया था। सूर्या की मौत के बाद धाराओं को हत्या में तरमीम कर दिया गया है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, लेकिन मुख्य आरोपी असद अभी गिरफ्त से बाहर है।