पश्चिमी यूपी के दौरे पर शिवपाल यादव, बोले- भाजपा ने नहीं बनाया राम मंदिर, कार सेवकों पर दिया बड़ा बयान
शिवपाल यादव पश्चिम यूपी के दो दिवसीय दौरे पर हैं। दौरे के दौरान उन्होंने कहा कि राम मंदिर भाजपा ने नहीं कोर्ट के आदेश पर बना है। शिवपाल यादव पश्चिम यूपी के दो दिवसीय दौरे के तहत मुज्जफरनगर, सहारनपुर के बाद गाजियाबाद में पूर्व आईएएस चक्रपाणि यादव के निवास पर पहुंचे थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अयोध्या में राम मंदिर भाजपा नहीं बनवा रही है। राम मंदिर कोर्ट के आदेश पर बना है। राम मंदिर निर्माण का श्रेय भाजपा को जाने के सवाल पर सपा नेता शिवपाल यादव ने यह बात कही। उनका कहना था कि कोर्ट के आदेश पर सपा की सरकार होती तो वह भी राम मंदिर का निर्माण कराती। सपा सरकार पर कार सेवकों पर गोली चलाने के आरोप हैं, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि उस समय संविधान को बचाने के लिए जो उचित कार्रवाई थी, वह की गई थी। शिवपाल यादव पश्चिम यूपी के दो दिवसीय दौरे के तहत मुज्जफरनगर, सहारनपुर के बाद गाजियाबाद में पूर्व आईएएस चक्रपाणि यादव के निवास पर पहुंचे थे।
2024 का चुनाव हमारे लिए अहम
मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की जिम्मेदारी है कि बीजेपी को यूपी से हराकर भेजे। 2024 का चुनाव इंडिया गठबंधन ही नहीं बल्कि हमारे लिए भी बहुत महत्वपूर्ण है। इस बात पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है कि वोटों के पुनरीक्षण में बीजेपी किसी प्रकार की कोई धांधली ना कर पाए। शिवपाल यादव ने 2024 के आम चुनाव में राष्ट्रीय लोकदल से गठबंधन पर कोई जवाब नहीं दिया।
इंडिया गठबंधन की बैठक के बाद आगे का फैसला
उन्होंने कहा कि हमारे नेता ये तय करेंगे कि सीटों का बंटवारा कैसे हो। इस बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है। दिल्ली में होने वाली इंडिया गठबंधन की बैठक में जो भी तय होगा उस पर सपा फैसला लेगी। इंडिया गठबंधन 2024 के लिए बना है, जिसका मुख्य उद्देश्य बीजेपी को सत्ता से हटाना है। सरकारी कार्यालय पूरी तरह नौकरीशाही के हवाले है। ना पत्रकारों की ना ही मंत्रियों की सुनवाई है इस सरकार में। इसलिए इस सरकार को हटाना जरूरी है।
2024 का चुनाव सपा के लिए महत्वपूर्ण
सपा के लिए वर्ष 2024 का चुनाव महत्वपूर्ण है। सपा इंडिया गठबंधन को मजबूत करेगी। इंडिया गठबंधन के सभी दल एकता और मजबूती के साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे और बीजेपी को उखाड़ फेकेंगे। इंडिया गठबंधन में मतभेद पर सपा नेता ने कहा समाजवादी पार्टी और हमारा प्रयास है कि गठबंधन के सभी दल आपसी सहयोग करते हुए चुनाव लड़ें। बीजेपी इंडिया गठबंधन से घबराई हुई है इसलिए दुष्प्रचार कर ऐसी अफवाह फैलाकर विपक्ष को कमजोर करने की कोशिश कर रही है लेकिन वो अपने मकसद में कभी कामयाब नहीं होगी। इंडिया गठबंधन में चेहरों की कमी नहीं है। बहुमत आ जाता है तो चेहरे भी आ जाते हैं।
बीजेपी सरकार में बढ़ी महंगाई और अपराध
सपा नेता ने केंद्र और यूपी की बीजेपी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा बीजेपी के दस साल के शासन काल में महंगाई बेकाबू हुई है। हर चीज का दाम दोगुना हुआ है। किसान परेशान हैं, आम आदमी इनको पूरी तरह से समझ गया है। पिछले 10 साल में जो वादे बीजेपी ने जनता से किए थे, एक भी पूरा नहीं हुआ है। आज देश में जहां भी बीजेपी की सरकार है, वहां महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार है।