{"_id":"5880e7e84f1c1b701befe210","slug":"smart-city-proposed-public-updates-on-facebook","type":"story","status":"publish","title_hn":"जनता के सुझाव पर अपडेट होगा स्मार्ट सिटी प्रपोजल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जनता के सुझाव पर अपडेट होगा स्मार्ट सिटी प्रपोजल
अमर उजाला, गाजियाबाद
Updated Thu, 19 Jan 2017 10:27 PM IST
विज्ञापन
स्मार्ट सिटी
- फोटो : अमर उजाला
गाजियाबाद। दो बार स्मार्ट सिटी की दौड़ से बाहर हो चुके गाजियाबाद ने एक बार फिर स्मार्ट शहरों की सूची में शामिल होने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। स्मार्ट सिटी मिशन के नोडल विभाग नगर निगम ने अब पुरानी एससीपी (स्मार्ट सिटी प्रपोजल) को केंद्र सरकार की वेबसाइट www.mygov.in पर अपलोड कर इस पर जनता से सुझाव मांगे हैं।
विज्ञापन
लोग https//mygov.in/group-issue/suggestion-smart-city-proposal-ghaziabad-round 3 पर जाकर भी राय दे सकेंगे। जनता से मिलने वाली राय पर प्रपोजल में संशोधन किया जाएगा।
विज्ञापन
बीते साल स्मार्ट सिटी प्रपोजल में वैशाली-कौशांबी और आंशिक महाराजपुर का 1078 एकड़ का क्षेत्र ‘एरिया बेस्ड डेवलपमेंट’ के लिए चुना गया था। कंसलटेंट फर्म और निगम अफसरों ने 1897 करोड़ रुपये से स्मार्ट सिटी में विभिन्न योजनाओं को लागू करने का खाका तैयार किया था।
विज्ञापन
इसमें से 1275 करोड़ रुपया सीवर, सड़क, नाली, खड़ंजे, आदि एरिया बेस्ड डेवलपमेंट पर खर्च किया जाएगा। 541 करोड़ रुपया ट्रांसपोर्ट को सुदृढ़ बनाने, बेहतर विद्युत व्यवस्था समेत अन्य विकास कार्यों पर खर्च की प्लानिंग की गई थी।
बेहतर प्रपोजल तैयार करने के बावजूद दूसरे चरण की दौड़ से भी नगर निगम बाहर हो गया था। इस बार निगम को स्मार्ट सिटी की सूची में शामिल होने का तीसरा मौका मिल रहा है। ऐसे में नगर निगम अब पुराने स्मार्ट सिटी प्रपोजल में संशोधन की गुंजाइश तलाश रहा है, ताकि पुरानी गलतियों में सुधार कर और बेहतर प्रपोजल तैयार किया जा सके।
अधिकारी बोले
इस बार एससीपी में एरिया बेस्ड डेवलपमेंट के लिए नया क्षेत्र चुना जाएगा। फिलहाल पुराने एससीपी पर जनता से सुझाव मांगे जा रहे हैं। केंद्र सरकार की माई जीओवी वेबसाइट पर जाकर अच्छे सुझाव दें। ताकि उन्हें नई एससीपी में शामिल किया जा सके। 31 मार्च तक यह एससीपी केंद्र सरकार को भेजा जाना है। - एसएस चौहान, सहायक नोडल अधिकारी, स्मार्ट सिटी मिशन