Ghaziabad News: बाल्टी में डूबने से डेढ़ वर्षीय मासूम की मौत, खेलते समय हादसा, परिजनों में मातम
घटना के समय बच्ची घर पर खेल रही थी। खेलते समय वह बाल्टी में गिर गई। मासूम की मौत से परिवार में मातम का माहौल है।
विस्तार
गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम क्षेत्र के संजय नगर कालोनी में बुधवार दोपहर बाल्टी में डूबने से डेढ़ वर्षीय मासूम बूटी की मौत हो गई। घटना के समय वह घर पर खेल रही थी। खेलते समय वह बाल्टी में गिर गई। मासूम की मौत से परिवार में गम का माहौल है।
मूलरूप से सहारनपुर के रहने वाले टैक्सी चालक बॉबी संजय नगर स्थित एक मकान में किराए पर रहते हैं। उनके परिवार में पत्नी अस्तो, बेटी सोनिया (5), मोनी (4), स्वीटी (3), बूटी (1.6) और एक बेटा हैं। बेटे का जन्म आठ दिन पूर्व हुआ है। बुधवार को सोनिया व मोनी की परीक्षा थी तो वह स्कूल गई हुईं थी। करीब 11 बजे बॉबी बेटियों को स्कूल से लेने चले गए। घर पर अस्तो, स्वीटी, बूटी और बेटा रह गए। अस्तो कमरे में लेटी हुई थी।
तीनों बच्चे उनके पास खेल रहे थे। इसी बीच बूटी खेलती हुई कमरे के बाहर निकल गई। वह पानी से भरी बाल्टी के पास जा पहुंची। वह बाल्टी में भरे पानी से खेलने लगी और उसमें गिर गई। बेटियों को घर लेकर पहुंचे बॉबी ने बूटी को आवाज दी। उसके न आने पर सभी ने उसे खोजना शुरू किया। वह बाल्टी में पड़ी मिली। परिजन आनन- फानन उसे उपचार के लिए संयुक्त अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीएमएस विनोद चंद पांडेय ने बताया कि बच्ची को दोपहर करीब 12 बजे अस्पताल लाया गया था। घर वालों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया।
पूर्व में हुई वारदात
२० मार्च २०२३: लोनी की खन्ना नगर कालोनी के निर्णाधीन मकान के सेफ्टी टैंट में टूबने से आहत की मौत
०२ जून २०२२ : मुरादनगर की ईदगाह चौड़ा खड़ंजा स्थित नाले में गिरे से अनस की मौत
बरतें सावधानियां
छोटे बच्चों को घर के बाहर अकेला न जाने दें।
घर में बाल्टी, टब, ड्रम में पानी भर कर न रखें।
घर के बाहर खेल रहे बच्चों को समय-समय पर देखें।