UP: दिनदहाड़े NRI के मकान से 25 लाख के गहने और दो लाख रुपये कैश चोरी, रात नहीं दोपहर में हुई वारदात; Video
बदमाश डुप्लीकेट चाबी से घर का ताला खोलकर लगभग 25 लाख रुपये कीमत के सोने और चांदी के गहने व दो लाख रुपये से अधिक की नगदी चोरी कर ले गए। दिनदहाड़े हुई लाखों रुपये की चोरी की सूचना से हड़कंप मच गया।
विस्तार
यूपी के गाजियाबाद स्थित मोदीनगर के गोविंदपुरी क्षेत्र की डबल स्टोरी कॉलोनी में मंगलवार दोपहर बदमाशों ने एनआरआई शुभम शर्मा के बंद मकान का डुप्लीकेट चाबी से ताला खोलकर लगभग 25 लाख रुपये कीमत के सोने चांदी के गहने और करीब दो लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली। घटना से कॉलोनी में दहशत पैदा हो गई। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर साक्ष्य एकत्रित किए। एनआरआई की मां पूजा शर्मा को स्कूल से लौटने पर घटना की जानकारी हुई।
डबल स्टोरी कॉलोनी निवासी शुभम शर्मा कनाडा में जॉब करते हैं। लगभग एक महीने पूर्व ही शुभम शर्मा की शादी हुई है। शादी के कुछ समय बाद ही वह पत्नी समेत कनाडा चले गए। घर पर मां पूजा शर्मा और मुस्कान शर्मा रहती है।
बताया कि मां पूजा शर्मा एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षिका है व बहन भी जॉब करती है। मंगलवार सुबह पूजा शर्मा स्कूल चली गई और बहन मुस्कान शर्मा भी जॉब पर चली गई। पूजा शर्मा ने बताया कि वह मंगलवार करीब दो बजे स्कूल से लौटी। ताला खोलकर अंदर दाखिल हुई तो घर का सारा सामान बिखरा पड़ा। स्टोर और बेड से कपड़े आदि सभी सामान बाहर पड़ा हुआ था।
आरोप है कि बदमाश डुप्लीकेट चाबी से घर का ताला खोलकर लगभग 25 लाख रुपये कीमत के सोने और चांदी के गहने व दो लाख रुपये से अधिक की नगदी चोरी कर ले गए। दिनदहाड़े हुई लाखों रुपये की चोरी की सूचना से हड़कंप मच गया, मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। एसएचओ ने घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की। एसीपी मोदीनगर अमित सक्सेना ने बताया कि तहरीर प्राप्त कर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। सीसीटीवी फुटेज आदि चेक की जा रही है तथा फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।