सोनू को गोलियों से भून डाला: लोनी में सरेआम युवक का कत्ल, चाऊमीन के ठेले पर दोस्त संग गया था; वीडियो
एसीपी लोनी रामकिशन ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मृतक के दोस्त से भी पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है।
विस्तार
यूपी के गाजियाबाद स्थित लोनी कोतवाली क्षेत्र के बंथला-चिरोड़ी मार्ग पर गुरुवार रात बाइक सवार बदमाशों ने चाऊमीन के ठेले के पास खड़े युवक सोनू की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गोली लगने से घायल युवक को उसके दोस्त ने पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
दोस्त के साथ चाऊमीन के ठेले पर खड़ा था सोनू
चिरोड़ी गांव निवासी सोनू (22) एक मेडिकल स्टोर पर काम करता था। उनके पिता मुस्तकीम मजदूरी करते हैं। सोनू पांच भाइयों में चौथे नंबर पर था। गुरुवार रात वह बंथला-चिरोड़ी मार्ग पर अपने दोस्त के चाऊमीन के ठेले के पास खड़ा था। इसी दौरान बिना नंबर की बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि बाइक सवारों ने सोनू पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। दो से तीन गोलियां लगने से सोनू लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। अचानक गोलियां चलने की आवाज से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। सोनू के दोस्त ने पुलिस को सूचना दी और उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
एसीपी लोनी रामकिशन ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मृतक के दोस्त से भी पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है। हत्या के कारणों का पता लगाने और आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। परिजनों से बातचीत की जा रही है। शिकायत मिलने पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.