चरित्र पर शक: 5 साल का बेटा बोला- अम्मी के मुंह पर तकिया रख ऊपर से बैठा अब्बू; रोते हुए बयां की खौफनाक कहानी
मृतका रुखसार के भाई का आरोप है कि शाहनवाज उसकी बहन के चरित्र पर शक करता, जिससे घर में कलेश रहता था। शाहनवाज उसकी बहन को अक्सर मारता पीटता था।
विस्तार
गाजियाबाज के मसूरी क्षेत्रांतर्गत एक कॉलोनी में पति ने पत्नी के चरित्र पर शक करते हुए उसकी दो दिन पूर्व हत्या कर दी। मृतका के परिजनों को झूठी सूचना देकर गुमराह कर दिया। मृतका के परिजनों ने अपनी बेटी को दफीना भी कर दिया। दो दिन बाद मृतका के बेटे ने अपने मामा से अपनी मां को पिता द्वारा मारने का राज खोला। मृतका के बड़े भाई ने पति समेत उसके रिश्तेदार को नामजद करते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मृतका के बड़े भाई की तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतका के शव को कब्र से निकालकर मौत का स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता किया जायेगा।
मोहल्ला सद्दीकपुरा कृष्णगंज पिलखुआ हापुड़ निवासी मौहम्मद इमरान पुत्र नजरूद्दीन ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उसकी छोटी इकलौती बहन रूखसार (27) की शादी वर्ष 2016 में हापुड़ के ग्राम सलाई निवासी शाहनवाज पुत्र जाफर अली के साथ हुई थी। शादी के बाद इनके एक लड़की अलीशा (7) और लड़का उजैर (5) वर्ष के हैं। उसकी बहन का पति शाहनवाज अपनी पत्नी व बच्चों के साथ थाना मसूरी क्षेत्र के मदरसा रोड पर जाहिद उर्फ प्रधान के मकान में किराये पर रहता है। शाहनवाज एमजी रोड स्थित यूपीएसआईडी में एक जीन्स बनाने वाली फैक्ट्री में काम करता है।
आरोप है कि शाहनवाज उसकी बहन के चरित्र पर शक करता, जिससे घर में कलेश रहता था। शाहनवाज उसकी बहन को अक्सर मारता पीटता था। उसकी बहन 8 माह से मायके में रह रही थी कुछ रिश्तेदारों के हस्तक्षेप से उन्होंने बहन को उसके साथ भेज दिया। आरोप है कि 19/20 अगस्त की रात को शाहनवाज ने उसकी बहन की हत्या कर दी। जिसके बाद शाहनवाज ने रूखसार की मां फरमीना को फोन करके बताया कि रूखसार को सीने में दर्द हुआ है और मुंह से पानी भी नहीं उतर रहा। रूखसार के परिजन मसूरी अपनी बेटी के घर पहुंचे। जहां देखा कि आरोपी शाहनवाज और दोनों बच्चे रो रहे थे।
इमरान ने बताया कि वह अपनी बहन को अपने घर लेकर आ गये और उसका दफीना कर दिया। रूखसार का दफिना करने के बाद मृतका के बेटे उजैर उर्फ बबलू ने अपने मामा को बताया कि उसके पापा शाहनवाज ने उसकी अम्मी के साथ मारपीट की और उस्मान के मुंह पर तकिया रखकर ऊपर से बैठ गए थे। तभी मृतका के भाई ने 112 पर पुलिस को सूचना दी। इमरान पुत्र नजरूद्दीन निवासी सद्दीकपुरा कृष्णगंज पिलखुआ हापुड़ ने थाना मसूरी पुलिस को तहरीर में मृतका के पति शाहनवाज पुत्र जाफर अली निवासी ग्राम सलाई हापुड़ व गुलफाम पर हत्या करने का आरोप लगाया है।
एसीपी नरेश कुमार ने बताया कि मृतका रूखसार के भाई इमरान की तहरीर के आधार पर रूखसार के पति शाहनवाज व इसके रिश्तेदार पर गुलफाम के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। कोर्ट से अनुमति मिलने पर मृतका के शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया जायेगा,पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत का स्पष्ट कारण पता चलेगा।